मुंबई 27 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के मत्स्य पालन एवं बंदरगाह विकास मंत्री नितेश राणे ने कहा कि केरल के कोच्चि जल मेट्रो को मुंबई में इसी तरह की मेट्रो सेवा के लिए एक विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) पेश करने को कहा गया है।
राणे ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि डीपीआर इस महीने के अंत तक तैयार होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना को मुंबई में लागू करने के लिए केंद्र सरकार के साथ 50-50 प्रतिशत की भागीदारी पर एक विशेष निकाय का गठन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मुंबई सात द्वीपों से बना है, लेकिन जलमार्गों का पहले कभी पूरी क्षमता से उपयोग नहीं किया गया। राणे ने इस बात पर जोर दिया कि इस तरह के कदम से सड़कों और उपनगरीय रेल सेवाओं पर बोझ कम होगा।
राणे ने कहा, ‘‘जल मेट्रो परियोजना से शहरी परिवहन में सुधार होगा और देश की वित्तीय राजधानी में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। कोच्चि जल मेट्रो महाराष्ट्र सरकार की सहायता कर रही है। इसके तहत, बैटरी से चलने वाली नौकाएं मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) के विभिन्न हिस्सों को जोड़ेगी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘वैतरणा नदी, वसई, ठाणे, मनोरी और पनवेल और मुंबई पोर्ट ट्रस्ट के पास स्टेशन के लिए 21 प्रस्तावित जगह हैं। परियोजना के पहले चरण में जल मेट्रो होगी, जबकि दूसरे चरण में रो-रो (रोल ऑन-रोल ऑफ) सेवा होगी।’’
राणे ने बताया कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हाल में कहा था कि नवी मुंबई हवाई अड्डा देश का पहला ऐसा हवाई अड्डा होगा, जहां जल टैक्सी सेवा होगी।
मंत्री ने कहा, ‘‘हवाई अड्डे के पास एक जल मेट्रो टर्मिनल का निर्माण किया जाएगा। अगले कुछ दिनों में सिडको, महाराष्ट्र सागरी मंडल (एमएमबी) और राज्य पत्तन मंत्रालय की एक बैठक होगी और एक डीपीआर तैयार की जाएगी।’’
भाषा
खारी सिम्मी
सिम्मी
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.