मुंबई, 12 सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र सरकार ने ठाणे, पुणे और नागपुर सहित 34 जिला परिषदों में अध्यक्ष पदों के चुनाव के लिए शुक्रवार को श्रेणी वार आरक्षण की घोषणा की।
राज्य में 34 जिला परिषद अध्यक्ष के पदों में से 18 पद महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं और ये राज्य सरकार की 50 प्रतिशत महिला आरक्षण नीति के तहत घोषित किए गए हैं।
ठाणे, कोल्हापुर, सांगली, धाराशिव, लातूर, अमरावती, गोंदिया, गढ़चिरौली, अहिल्यानगर, अकोला, वाशिम, बीड, चंद्रपुर, रत्नागिरी, धुले, सतारा, जालना और नांदेड़ जिलों में अध्यक्ष पद पर महिलाएं काबिज होंगी।
ग्रामीण विकास विभाग के अनुसार, सोलापुर, हिंगोली, नागपुर, भंडारा, रत्नागिरी (महिला), धुले (महिला), सतारा (महिला), जालना (महिला) और नांदेड़ (महिला) इन नौ जिला परिषदों में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) श्रेणी से अध्यक्ष होंगे।
पालघर, नंदुरबार, अहिल्यानगर (महिला), अकोला (महिला) और वाशिम (महिला) में अध्यक्ष पद के लिए अनुसूचित जनजाति (एसटी) आरक्षण निर्धारित किया गया है।
परभणी, वर्धा, बीड (महिला) और चंद्रपुर (महिला) को अनुसूचित जाति (एससी) के लिए निर्धारित किया गया है।
सामान्य वर्ग के उम्मीदवार रायगढ़, सिंधुदुर्ग, नासिक, जलगांव, पुणे, छत्रपति संभाजीनगर, बुलढाणा, यवतमाल, ठाणे (महिला), कोल्हापुर (महिला), सांगली (महिला), धाराशिव (महिला), लातूर (महिला), अमरावती (महिला), गोंदिया (महिला) और गढ़चिरौली (महिला) में अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ सकते हैं।
राज्य में निकाय चुनाव काफी समय से लंबित हैं और ये दिवाली के बाद होने हैं।
इन पदों के लिए घोषणा होने के साथ ही राजनीतिक दलों द्वारा चुनावों की तैयारियां तेज करने की उम्मीद है।
भाषा यासिर नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.