scorecardresearch
Wednesday, 19 February, 2025
होमदेशमहाराष्ट्र साइबर ने विकिमीडिया फाउंडेशन से संभाजी महाराज पर आपत्तिजनक सामग्री हटाने को कहा

महाराष्ट्र साइबर ने विकिमीडिया फाउंडेशन से संभाजी महाराज पर आपत्तिजनक सामग्री हटाने को कहा

Text Size:

मुंबई, 19 फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र में साइबर और सूचना सुरक्षा प्रभाग ‘महाराष्ट्र साइबर’ ने अमेरिका स्थित विकिमीडिया फाउंडेशन को नोटिस जारी कर विकिपीडिया पेज से छत्रपति संभाजी महाराज के बारे में “आपत्तिजनक” सामग्री हटाने को कहा है।

अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि यह कदम विभिन्न संगठनों की ओर से यह दावा किए जाने के बाद उठाया गया है कि मुक्त-स्रोत विश्वकोश विकिपीडिया पर संभाजी महाराज के बारे में अपमानजनक सामग्री उपलब्ध है।

ये आपत्तियां हाल में प्रदर्शित फिल्म ‘छावा’ की पृष्ठभूमि में आई हैं, जो मराठा साम्राज्य के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज के पुत्र संभाजी महाराज के जीवन पर आधारित है।

एक दिन पहले, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने महाराष्ट्र साइबर को निर्देश दिया था कि वह विकिपीडिया से संपर्क कर आपत्तिजनक सामग्री को हटाने के लिए कहे।

अधिकारियों ने बताया कि साइबर और सूचना सुरक्षा प्रभाग ‘महाराष्ट्र साइबर’ ने मुख्यमंत्री के निर्देश पर अमल करते हुए कैलिफोर्निया स्थित विकिमीडिया फाउंडेशन को नोटिस भेजा है और संभाजी महाराज के बारे में आपत्तिजनक सामग्री हटाने का अनुरोध किया है।

उन्होंने बताया कि यह नोटिस सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की धारा 79(3)(बी) और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 168 (संज्ञेय अपराधों की रोकथाम) के तहत भेजा गया था।

अधिकारियों के मुताबिक, नोटिस में कहा गया है कि विकिपीडिया की सामग्री गलत है और उसमें उचित संदर्भ या स्रोत का अभाव है, जिससे सांप्रदायिक नफरत भड़क रही है, क्योंकि छत्रपति संभाजी महाराज भारत में अत्यधिक सम्मानित हैं।

महाराष्ट्र साइबर पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि यह गलत सूचना संभाजी महाराज के समर्थकों में अशांति पैदा कर रही है और इससे कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

अधिकारी के अनुसार, स्थिति की गंभीरता और इसके संभावित प्रभाव को देखते हुए महाराष्ट्र साइबर ने विकिमीडिया फाउंडेशन को आपत्तिजनक सामग्री को समय रहते हटाने और भविष्य में इसे फिर से अपलोड होने से रोकने का निर्देश दिया है।

नोटिस में कहा गया है, “यह नोटिस आपको आईटी अधिनियम 2000 की धारा 79 (3) (बी) के तहत सूचना और प्रौद्योगिकी (मध्यस्थ दिशा-निर्देश) नियम 2011 के अंतर्गत दिया जा रहा है, जो आपको सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम 2000 की धारा 85 (2) के तहत आरोपित करने के लिए उत्तरदायी बनाता है।”

विकिपीडिया एक निशुल्क एवं मुक्त-स्रोत विश्वकोश है, जिसे स्वयंसेवकों का एक समुदाय तैयार और संपादित करता है।

फडणवीस ने मंगलवार को कहा कि विकिपीडिया जैसे मुक्त स्रोतों पर इतिहास के साथ छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा था कि चूंकि, विकिपीडिया भारत से संचालित नहीं होता है और इसका प्रबंधन संपादकीय अधिकार रखने वाले कुछ लोगों द्वारा किया जाता है, इसलिए सरकार उनसे कुछ नियम बनाने के लिए कह सकती है, जिससे तथ्यों के साथ इस तरह की छेड़छाड़ रोकी जा सके।

भाषा पारुल वैभव

वैभव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments