scorecardresearch
Saturday, 24 October, 2026
होमदेशमहाराष्ट्र परिषद चुनाव: पुणे शिक्षक सीट पर 85.87, स्नातक सीट पर 62.78 प्रतिशत मतदान

महाराष्ट्र परिषद चुनाव: पुणे शिक्षक सीट पर 85.87, स्नातक सीट पर 62.78 प्रतिशत मतदान

Text Size:

पुणे, 23 अक्टूबर (भाषा) महाराष्ट्र में पुणे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में शुक्रवार को 85.87 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि पुणे स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 62.78 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार, पुणे स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 3,88,019 मतदाता हैं, जिनमें से 2,43,611 ने मतदान किया। वहीं, पुणे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 61,940 मतदाता हैं, जिनमें से 53,185 ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

अधिकारियों ने बताया कि पुणे संभाग में पुणे, सतारा, सांगली, कोल्हापुर और सोलापुर जिले शामिल हैं। मतदान सुबह आठ बजे शुरू हुआ और शाम चार बजे समाप्त हो गया।

पुणे स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की उम्मीदवार हर्षदा देशमुख-जाधव के खिलाफ स्मिता जाधव को मैदान में उतारा है। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने भी इस सीट पर अपना उम्मीदवार खड़ा किया है।

पुणे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा ने कांग्रेस के मौजूदा विधान परिषद सदस्य जयंत असगांवकर के खिलाफ कौस्तुभ गावड़े को उम्मीदवार बनाया है। शिवसेना ने राज्य के मंत्री उदय सामंत के विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) सचिन सनप को समर्थन दिया है, जो निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं।

मतगणना 27 अक्टूबर को होगी, जबकि चुनाव प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक पूरी कर ली जाएगी।

भाषा

शुभम पारुल

पारुल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments