scorecardresearch
Thursday, 23 April, 2026
होमदेशमहाराष्ट्र उपचुनाव : शाम छह बजे तक बारामती में 58 प्रतिशत, राहुरी में 56.20 प्रतिशत मतदान हुआ

महाराष्ट्र उपचुनाव : शाम छह बजे तक बारामती में 58 प्रतिशत, राहुरी में 56.20 प्रतिशत मतदान हुआ

Text Size:

(फोटो के साथ)

मुंबई, 23 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के पुणे जिले की बारामती विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में बृहस्पतिवार शाम छह बजे तक 58.27 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। निर्वाचन अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

बारामती विधानसभा सीट तत्कालीन उपमुख्यमंत्री एवं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) प्रमुख अजित पवार की 28 जनवरी को विमान दुर्घटना में मृत्यु के कारण रिक्त हो गई थी। इस सीट से उनकी पत्नी, उपमुख्यमंत्री और राकांपा प्रमुख सुनेत्रा पवार और 22 अन्य उम्मीदवार मैदान में हैं।

अधिकारियों ने बताया कि अहिल्यानगर जिले के राहुरी विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के दौरान मतदान प्रतिशत 56.20 प्रतिशत रहा।

उन्होंने बताया कि मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ था और शाम छह बजे समाप्त हुआ।

बारामती से चुनाव लड़ रहीं सुनेत्रा पवार ने अपना वोट डाला और मतदाताओं से अपने दिवंगत पति अजित पवार को श्रद्धांजलि स्वरूप उन्हें समर्थन देने की अपील की।

किसी भी प्रमुख राजनीतिक दल ने उनके खिलाफ उम्मीदवार नहीं उतारे हैं, जिससे उनका चुनाव महज एक औपचारिकता बनकर रह गया है।

चुनाव परिणाम की घोषणा चार मई को की जायेगी।

राहुरी विधानसभा सीट पिछले साल अक्टूबर में भाजपा विधायक शिवाजी कर्डिले के निधन से रिक्त हुई है। उनके बेटे अक्षय कर्डिले इस सीट से चुनाव लड़ रहे हैं, जिनका मुकाबला राकांपा (शप) के उम्मीदवार गोविंद मोकाटे और वंचित बहुजन आघाडी के संतोष चालके से है।

अजित पवार के छोटे भाई श्रीनिवास पवार और उनकी पत्नी शर्मिला ने भी सुबह बारामती के काटेवाड़ी मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला।

विपक्षी महा विकास आघाडी (एमवीए) ने सुनेत्रा पवार के खिलाफ कोई उम्मीदवार खड़ा नहीं किया।

कांग्रेस ने आकाश मोरे को उम्मीदवार बनाया था, लेकिन पार्टी ने बाद में उनका नाम वापस लेने का फैसला किया।

सुनेत्रा पवार ने पत्रकारों से कहा, ‘‘बारामती के लोग बड़ी संख्या में मतदान करने आ रहे हैं। मैं यह नहीं कहूंगी कि यह उत्साह के कारण है, बल्कि वे अपना कर्तव्य निभाने के लिए बाहर निकल रहे हैं। ऐसा करके वे अजित ‘दादा’ को श्रद्धांजलि दे रहे हैं।’’

उन्होंने कहा कि उपचुनाव भावनात्मक माहौल में हो रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘पिछले 60 वर्षों से बारामती के लोग पवार परिवार का समर्थन करते आ रहे हैं। यह उपचुनाव अजित दादा की अनुपस्थिति में हो रहा है और लोग वोट डालते समय उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।’’

अपना वोट डालने से पहले, सुनेत्रा पवार ने बारामती के विद्या प्रतिष्ठान कॉलेज परिसर में अजित पवार को श्रद्धांजलि अर्पित की, जहां उनका अंतिम संस्कार किया गया था।

अजित पवार के चाचा एवं राकांपा (शप) प्रमुख शरद पवार के वोट न डाल पाने के बारे में पूछे जाने पर, सुनेत्रा पवार ने कहा कि उन्होंने उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली थी।

शरद पवार ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि अस्वस्थ होने और अस्पताल में भर्ती होने के कारण वह बारामती में अपना वोट नहीं डाल पाएंगे।

शरद पवार (85) को कुछ दिन पहले स्वास्थ्य जांच के लिए मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

अजित पवार के बेटे पार्थ पवार ने भी सुबह बारामती के काटेवाड़ी मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला।

अपने पति की मृत्यु के बाद, सुनेत्रा पवार ने 31 जनवरी को ‘महायुति’ गठबंधन सरकार में उपमुख्यमंत्री के रूप में उनका स्थान लिया था।

संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार, शपथ ग्रहण करने के छह महीने के भीतर उन्हें राज्य विधानमंडल के दोनों सदनों विधानसभा या विधान परिषद में से किसी एक की सदस्य बनना होगा।

अजित पवार पिछले कई दशकों से पवार परिवार के गढ़ माने जाने वाली बारामती विधानसभा सीट से जीतते आ रहे थे। वर्ष 2024 के विधानसभा चुनावों में उन्होंने अपने भतीजे एवं राकांपा (शप) के उम्मीदवार युगेंद्र पवार को हराया था।

भाषा

देवेंद्र माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments