मुंबई, 14 फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के बीड जिले में सरपंच की हत्या को लेकर पिछले कुछ महीनों से मंत्री धनंजय मुंडे पर जोरदार निशाना साध रहे भाजपा विधायक सुरेश धस ने शुक्रवार को कहा कि उन्होंने राकांपा नेता से ‘‘उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेने’’ के लिए मुलाकात की थी।
भाजपा की महाराष्ट्र इकाई के प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि दोनों नेताओं के बीच मुलाकात हुई और उन्होंने इसे ‘‘पारिवारिक मुलाकात’’ बताया। हालांकि, मुंडे के कार्यालय ने कहा है कि उनके बीच ऐसी कोई मुलाकात नहीं हुई है।
धस ने कहा कि उन्होंने इस सप्ताह की शुरुआत में मुंडे से मुलाकात की थी और मंत्री के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली थी, क्योंकि इस महीने उनकी आंख की सर्जरी हुई थी।
हालांकि, धस ने यह भी स्पष्ट किया कि इस मुलाकात के पीछे कोई अन्य मकसद नहीं था और मसाजोग के सरपंच संतोष देशमुख की हत्या के मामले को लेकर मुंडे के खिलाफ उनकी लड़ाई जारी रहेगी।
मुंडे के करीबी सहयोगी वाल्मिक कराड को सरपंच की हत्या से जुड़े जबरन वसूली के मामले में गिरफ्तार किया गया था।
बीड में एक पवनचक्की परियोजना से जुड़ी एक ऊर्जा फर्म से जबरन वसूली को रोकने के प्रयासों को लेकर सरपंच का अपहरण कर 9 दिसंबर को हत्या कर दी गई थी।
भाजपा विधायक ने कहा, ‘‘मुंडे को (आंख की सर्जरी के लिए) अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मैं उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेने के लिए उनके घर गया था। उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी लेने और उनके खिलाफ (जारी) लड़ाई में अंतर है।’’
धस ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘संतोष देशमुख के लिए न्याय के खिलाफ लड़ाई और उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी लेने के बीच कोई संबंध नहीं है।’’
धस ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘संतोष देशमुख के लिए न्याय की लड़ाई और उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेने के बीच कोई संबंध नहीं है।’’
धस और मुंडे दोनों ही मराठवाड़ा के बीड जिले से हैं।
छत्रपति संभाजीनगर में पत्रकारों से बात करते हुए बावनकुले ने माना कि दोनों नेताओं के बीच बैठक हुई थी, लेकिन उन्होंने कहा कि यह उनकी ओर से आयोजित की गई थी।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, ‘‘मैं सुरेश धस के साथ चार से साढ़े चार घंटे तक था। उनके बीच मतभेद हैं, लेकिन कोई दुश्मनी नहीं है। दोनों भावुक हैं। कुछ मतभेद हैं और इसे जल्द ही सुलझा लिया जाएगा।’’
यह पूछे जाने पर कि दोनों नेताओं की मुलाकात कहां हुई, बावनकुले ने कहा, ‘‘वे मेरे घर पर मिले। मैं भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष हूं। धनंजय मुंडे और सुरेश धस के बीच मुलाकात एक पारिवारिक मुलाकात थी। हम सभी एक परिवार की तरह मिले।’’
उन्होंने कहा, ‘‘बैठक चार घंटे से अधिक समय तक चली। उनके बीच कुछ मतभेद हैं, लेकिन ये मतभेद जल्द ही दूर हो जाएंगे।’’
इस बीच, मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे ने मुंडे से मुलाकात के लिए धस की आलोचना की। उन्होंने कहा, ‘‘संतोष देशमुख की हत्या ने राज्य को बदनाम किया है। राज्य में ऐसी क्रूरता कभी नहीं देखी गई।’’
भाषा सुभाष माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.