scorecardresearch
Saturday, 21 March, 2026
होमदेशमहाराष्ट्र एटीएस ने आतंकवाद के मामले में एक व्यक्ति को किश्तवाड़ से गिरफ्तार किया

महाराष्ट्र एटीएस ने आतंकवाद के मामले में एक व्यक्ति को किश्तवाड़ से गिरफ्तार किया

Text Size:

मुंबई, दो जून (भाषा) महाराष्ट्र पुलिस के आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के लिए आतंकवादियों की भर्ती करने के आरोपी जुनैद मोहम्मद के साथ कथित संपर्क को लेकर बृहस्पतिवार को जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, एटीएस ने 28 वर्षीय जुनैद मोहम्मद को 24 मई को पुणे के दापोडी इलाके से गिरफ्तार किया था जिसके बाद उसे तीन जून तक के लिए एटीएस की हिरासत में भेज दिया गया ।

उन्होंने बताया कि जुनैद पाकिस्तान से संचालित लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादी नेटवर्क के सक्रिय सदस्यों से सोशल मीडिया मंचों के माध्यम से कथित तौर पर जुड़ा था।

अधिकारी ने बताया, ‘‘महाराष्ट्र एटीएस की एक टीम जुनैद के संपर्कों की जांच करने के लिए पिछले कुछ दिनों से जम्मू-कश्मीर में है। इस मामले में संपर्कों की जांच के दौरान एटीएस टीम को एक व्यक्ति के बारे में सूचना मिली जो सोशल मीडिया एवं अन्य मंचों के मार्फत जुनैद के संपर्क में था। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘ तदनुसार महाराष्ट्र एटीएस टीम किश्तवाड़ गयी एवं उसने आरोपी को पकड़ लिया।’’ उन्होंने कहा कि उसे अब मुंबई लाया जा रहा है।

अधिकारी के अनुसार जुनैद को विभिन्न राज्यों से लश्कर-ए-तैयबा में नये रंगरूटों की भर्ती करने की जिम्मा दिया गया था।

अधिकारी ने बताया कि अपने आकाओं के निर्देश के तहत नए रंगरूटों को जुनैद प्रशिक्षण के लिए जम्मू कश्मीर ले जाने की कोशिश करता था ताकि वे प्रशिक्षण के बाद वे देश में आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम दे सकें। उन्होंने बताया कि जुनैद को इस काम के पूरा होने पर अपने आकाओं से पैसे मिलते थे।

अधिकारी के अनुसार पूछताछ के दौरान यह पता चला कि संदिग्ध आतंकवादी को जम्मू कश्मीर स्थित एक बैंक खाते से 10000 रूपये मिले थे।

उन्होंने बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर एटीएस की कालाचौकी इकाई ने लश्कर के लिए नये सदस्यों की भर्ती करने, उन्हें प्रशिक्षण देने एवं आतंकवादी गतिविधियों के लिए जम्मू कश्मीर भेजने के सिलसिले में जुनैद समेत चार संदिग्धों के विरूद्ध जांच शुरू की थी।

अधिकारी के अनुसार एटीएस ने भादंसं, सूचना प्रौद्योगिकी कानून की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी और जुनैद को पकड़ा था।

भाषा

राजकुमार मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments