scorecardresearch
Wednesday, 25 November, 2026
होमदेशमहादेव सट्टेबाजी मामले में चंद्राकर का खुलासा, दिल्ली के वकील पर 15 करोड़ रुपये लेने का आरोप

महादेव सट्टेबाजी मामले में चंद्राकर का खुलासा, दिल्ली के वकील पर 15 करोड़ रुपये लेने का आरोप

चंद्राकर ने बताया कि वकील ने ऐप चलाने वालों को भरोसा दिया था कि ‘वकील और जज साहब से बात हो चुकी है’. उसने अक्टूबर 2023 में 15 करोड़ रुपये और दिसंबर 2023 से मार्च 2024 के बीच कई किस्तों में बड़ी रकम ली थी.

Text Size:

नई दिल्ली: महादेव सट्टेबाजी ऐप के जरिए धोखाधड़ी के मामले में कथित मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) को बताया है कि दिल्ली के एक वकील ने दुबई में उससे और उसके साथ ऐप चलाने वाले दूसरे लोगों से मुलाकात की थी. वकील ने उनसे सभी लंबित मामलों में मदद करने का वादा किया था.

चंद्राकर ने ED को बताया कि वकील ने उसे और दूसरे लोगों को भरोसा दिलाया था. उसने कहा था, “बात हो रखी है वकील और जज साहब से.” चंद्राकर के मुताबिक, अक्टूबर 2023 में 15 करोड़ रुपये लिए गए थे और दिसंबर 2023 से मार्च 2024 के बीच कई किस्तों में बड़ी रकम ली गई थी.

महादेव ऑनलाइन बुक के प्रमोटर चंद्राकर को पिछले हफ्ते ED ने गिरफ्तार किया था. एक विशेष अदालत ने उसे 19 नवंबर तक एजेंसी की हिरासत में भेज दिया था. इसी साल की शुरुआत में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) उसे ओमान से भारत लेकर आई थी.

चंद्राकर ने ED के अधिकारियों को बताया कि ये पैसे मुंबई और दिल्ली में हवाला के जरिए लेन-देन करने वाले लोगों की मदद से दिए गए थे. कुछ रकम दुबई में भी पहुंचाई गई थी. उसने वकील को यह कहकर पैसे दिए थे कि वह उन्हें भारत के कुछ ‘बड़े अधिकारियों’ तक पहुंचाएगा.

चंद्राकर के इस खुलासे के कुछ दिन बाद ED ने हिमांशु शेखर नाम के वकील को मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रोकने के बाद गिरफ्तार कर लिया. उसे पहली बार शनिवार को गिरफ्तार किया गया था, लेकिन मुंबई की एक अदालत ने उसे रायपुर ले जाने के लिए ट्रांजिट रिमांड देने से इनकार कर दिया और रिहा कर दिया. अदालत ने उसे सोमवार को रायपुर स्थित एजेंसी के क्षेत्रीय कार्यालय में पेश होने को कहा, जहां महादेव ऑनलाइन बुक मामले की जांच चल रही है. सोमवार को एजेंसी ने बॉम्बे हाईकोर्ट का रुख किया, जिसने विशेष अदालत के आदेश को रद्द कर दिया. इसके बाद सोमवार शाम को शेखर को गिरफ्तार कर लिया गया.

रायपुर की धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) से जुड़े मामलों की विशेष अदालत ने सोमवार को शेखर को पूछताछ के लिए पांच दिन की हिरासत में भेज दिया. शेखर के वकील फैसल रिजवी ने दलील दी कि एजेंसी ने बॉम्बे हाईकोर्ट को उसके पेश न होने के बारे में गलत जानकारी दी थी, जबकि वह मामले के जांच अधिकारी के सामने मौजूद था. एजेंसी की ओर से लगाए गए आरोपों पर रिजवी ने दिप्रिंट से कहा, “उसने अदालत में कहा है कि ED के किसी अधिकारी ने इस पूरी प्रक्रिया में उसका इस्तेमाल किया है. उसने यह भी कहा है कि समय आने पर वह उन सभी लोगों के नाम और पूरी प्रक्रिया को रिकॉर्ड पर लाएगा.”

वकील की इस मामले में क्या भूमिका है

ED की ओर से अदालत में दी गई जानकारी के मुताबिक, शेखर के खिलाफ मामला अक्टूबर 2023 से जुड़ा है. उस समय महादेव सट्टेबाजी गिरोह के एक साझेदार वसीम कुरैशी के खिलाफ जांच चल रही थी. इसके बाद वह एक बिचौलिए के पास पहुंचा. उस बिचौलिए ने उससे शेखर और महादेव ऐप के मालिकों के बीच मुलाकात कराने को कहा.

आरोप है कि इसके बाद शेखर अक्टूबर 2023 में कुरैशी के साथ दुबई गया. वहां उसकी मुलाकात चंद्राकर, महादेव के दूसरे मालिक रवि उप्पल और वकील सुमित कोचर से हुई. चंद्राकर ने खुलासा किया कि इस मुलाकात के दौरान शेखर ने “महादेव बुक और हमारे खिलाफ चल रहे सभी आपराधिक मामलों में राहत दिलाने का वादा किया था.”

एजेंसी ने शेखर की हिरासत मांगते हुए अदालत में चंद्राकर के हवाले से कहा, “हिमांशु शेखर उर्फ मोहित ने हमारी मदद करने के लिए अक्टूबर में 15 करोड़ रुपये भी लिए थे.”

आरोप है कि इसके दो महीने बाद शेखर फिर दुबई गया और उसने और राहत दिलाने का वादा किया. इसमें ऐप के प्रमोटरों के खिलाफ चल रही इंटरपोल की कार्रवाई को ‘खत्म कराने’ में मदद करना भी शामिल था.

एजेंसी ने रायपुर की अदालत को बताया, “सौरभ चंद्राकर ने कहा कि गिरफ्तार व्यक्ति ने दिसंबर 2023 से मार्च 2024 तक कई किस्तों में उनसे बड़ी रकम ली और दावा किया कि वह यह पैसा भारत के बड़े अधिकारियों को देगा. उसने यह भी बताया कि यह पूरी रकम दिल्ली और मुंबई में हवाला के जरिए नकद दी गई थी. कुछ रकम दुबई में भी पहुंचाई गई थी.”

एजेंसी ने अदालत को बताया, “गिरफ्तार व्यक्ति ने प्रमोटरों से दावा किया था कि वह जज और वकीलों को जानता है. उसने ऊपर बताई गई रकम के अलावा कुछ छोटी रकम भी ली और अदालत में कुछ ऐसा मामला उठाया, जिससे यह साबित हो सके कि उसकी ‘सेटिंग’ है. यानी वह यह दिखाना चाहता था कि उसने पहले से ही सब कुछ तय कर रखा है.”

चंद्राकर ने केंद्रीय एजेंसी को बताया कि शेखर ने उनके लिए जो सबसे अहम काम किया, उनमें से एक यह था कि वकील ने 12 जनवरी 2024 को उन्हें जानकारी दी थी कि सट्टेबाजी वाली वेबसाइट Lotus365.com के उनके साझेदार और प्रमोटर गिरीश तलरेजा को उसी दिन गिरफ्तार किया जाएगा. आरोप है कि यह जानकारी महादेव के प्रमोटरों ने खुद शेखर को कुछ दिन पहले दी थी. उन्होंने बताया था कि तलरेजा भारत में है और उसकी रोजाना की लोकेशन जयपुर और भोपाल के बीच बदल रही है.

एजेंसी ने शेखर की हिरासत मांगते हुए अदालत को बताया, “तीसरे दिन, जब गिरीश तलरेजा भोपाल के एक होटल में ठहरा हुआ था, तब ‘श्री हिमांशु शेखर उर्फ मोहित ने हमें बताया कि आज उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा. उसी दिन हमें भारत में ED द्वारा श्री गिरीश तलरेजा की गिरफ्तारी की खबर मिली.’ सौरभ चंद्राकर ने इसे ‘श्री हिमांशु शेखर उर्फ मोहित का हमारे लिए किया गया सबसे महत्वपूर्ण काम’ बताया. गिरफ्तार व्यक्ति ने प्रमोटरों को कुछ ऐसी बातें भी बताई थीं, जो बेहद गोपनीय थीं. इससे उसने उनका भरोसा जीतने की कोशिश की थी.”

ED के मुताबिक, मोहित शेखर का दूसरा नाम है. हालांकि, वकील इस बात से इनकार करता है कि मोहित नाम उसी का है.

एजेंसी ने अदालत को बताया कि उसने शनिवार को शेखर के घर, उसकी कंपनी यस्या मीडिया के कार्यालय और उससे जुड़ी दो अन्य जगहों पर छापेमारी की थी. इस दौरान हाथ से लिखे कुछ नोट मिले, जिनमें ‘राजू’ नाम के एक व्यक्ति से बड़ी रकम के नकद लेन-देन का जिक्र था. एजेंसी के मुताबिक, हिरासत में पूछताछ के दौरान इस व्यक्ति की पहचान का पता लगाया जाना है.

इसके अलावा, एजेंसी ने यह भी बताया कि यस्या मीडिया में शेखर की 75 प्रतिशत हिस्सेदारी थी. एक साल के भीतर कंपनी की कमाई में बहुत ज्यादा बढ़ोतरी हुई थी. 2022-23 में कंपनी की कमाई 52.66 लाख रुपये थी, जो 2023-24 में बढ़कर 15.55 करोड़ रुपये हो गई. आरोप है कि यह वही समय था, जब सौरभ चंद्राकर ने 15 करोड़ रुपये और कई किस्तों में नकद भुगतान किए जाने की बात कही है.

दूसरी ओर, शेखर ने पूछताछ के शुरुआती दौर में अपनी औपचारिक गिरफ्तारी से पहले स्वीकार किया था कि उसने कुरैशी से 25 लाख रुपये और महादेव ऑनलाइन बुक के प्रमोटरों से 40 लाख रुपये लिए थे. हालांकि, उसका कहना था कि ये रकम सिर्फ ‘पेशेवर फीस’ के तौर पर ली गई थी और उसे बैंक खातों में प्राप्त किया गया था.

(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)


यह भी पढ़ें: अनंत सिंह की बेटी की शादी में घुड़दौड़ पर सवाल, पशु कल्याण बोर्ड ने घोड़ों की जांच के दिए आदेश


 

share & View comments