सिवनी (मप्र), 12 अप्रैल (भाषा) मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के पेंच बाघ अभयारण्य (पीटीआर) में बाघिन से अलग हुए चार महीने के उसके शावक को बुधवार को बरामद कर लिया गया।
पीटीआर के क्षेत्र निदेशक देवाजे प्रसाद ने बताया कि बाघिन से बिछड़ा शावक पीटीआर में रुखड़ बफर जोन के अंतर्गत सखादेही गांव के पास झाड़ियों में मिला और जल्द ही उसे मां से मिला दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि ग्रामीणों ने 11 अप्रैल को गांव के एक तालाब के पास शावक को देखा और अधिकारियों को सूचित किया। उन्होंने कहा, ‘‘उसके बाद वन अधिकारियों ने क्षेत्र की निगरानी की और शावक की मां की तलाश की हालांकि वे बाघिन को खोजने में विफल रहे।’’
अधिकारी ने कहा कि उम्मीद की जा रही थी कि बाघिन रात में शावक को लेने आएगी, लेकिन वह नहीं आई। उन्होंने कहा कि आखिरकार 24 घंटे के इंतजार के बाद शावक को बरामद कर लिया गया। उन्होंने बताया कि शावक को बाघिन से मिलाने का प्रयास किया जा रहा है।
भाषा सं दिमो आशीष
आशीष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
