scorecardresearch
Saturday, 11 April, 2026
होमदेशलोहारू मामला : डीएसपी बोले-भिवानी और भरतपुर की पुलिस जांच में एक दूसरे का सहयोग करेगी

लोहारू मामला : डीएसपी बोले-भिवानी और भरतपुर की पुलिस जांच में एक दूसरे का सहयोग करेगी

Text Size:

भिवानी, 17 फरवरी (भाषा) हरियाणा के भिवानी जिले के लोहारू में जली हालत में मिले दो शवों के मामले की जांच में हरियाणा पुलिस राजस्थान पुलिस के साथ पूरा सहयोग करेगी । पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

राजस्थान के भरतपुर जिले से कथित तौर पर अगवा किए गए दो युवकों के शव हरियाणा के भिवानी जिले के लोहारू के गांव बारवास की बणी में बृहस्पतिवार को तड़के एक जली हालत में मिली बोलेरो से बरामद किए गये थे।

भिवानी जिले के लोहारू के पुलिस उपाधीक्षक जगत सिंह ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि कथित अपहरण, हत्या एवं शव को ठिकाने लगाने के मामले में भिवानी पुलिस और भरतपुर पुलिस एक दूसरे के सहयोग से मामले की जांच करेगी।

पुलिस ने बताया कि वाहन की पिछली सीट से मिले शवों की शिनाख्त राजस्थान के भरतपुर जिला निवासी नासीर (25) और जुनैद उर्फ जूना (35) के तौर पर की गयी। परिजनों से डीएनए के मिलान के बाद शुक्रवार को दोनों शवों का राजस्थान में अंतिम संस्कार कर दिया गया।

इससे पहले पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि वाहन को कैसे भरतपुर से करीब 200 किलोमीटर दूर लोहारू ले जाया गया और यह घटना हुयी ।

कांग्रेस महासचिव एवं रणदीप सुरजेवाला तथा इमरान प्रतापगढ़ी ने ट्वीट कर राज्य सरकार पर हमला बोला है ।

सुरजेवाला ने ट्वीट किया, ‘‘हरियाणा को अब ‘नफरत की फैक्ट्री’ बना रहे हैं। दो भाईयों का अपहरण कर बजरंग दल के लोगों द्वारा जिंदा जलाने की दिल दहलाने वाली दुर्दांत व दर्दनाक घटना ने भारत की आत्मा को छलनी कर दिया है।’’

दूसरी तरफ तरफ कांग्रेस के राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने ट्वीट किया, ‘‘हरियाणा के भिवानी में दो युवकों जुनैद और नासिर की गौ आतंकियों द्वारा जिंदा जला देने की घटना पर हरियाणा पुलिस की चुप्पी शर्मनाक है।’’

उन्होंने कहा कि राजस्थान निवासी इन दोनों युवकों के पीडि़त परिवार से संपर्क करके इंसाफ की लड़ाई में पूरी मदद करूंगा।

भाषा सं

रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments