scorecardresearch
Wednesday, 4 February, 2026
होमदेशकश्मीर में अगले सप्ताह हल्की बर्फबारी और बारिश की संभावना

कश्मीर में अगले सप्ताह हल्की बर्फबारी और बारिश की संभावना

Text Size:

श्रीनगर, 26 दिसंबर (भाषा) बादल छाए रहने के कारण कश्मीर के अधिकतर इलाकों में न्यूनतम तापमान में सुधार हुआ, जिससे लोगों को कड़ाके की ठंड से थोड़ी राहत मिली है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो बुधवार रात के शून्य से नीचे 2.2 डिग्री सेल्सियस से दो डिग्री से अधिक है।

मध्य कश्मीर का पर्यटन स्थल सोनमर्ग जम्मू-कश्मीर का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि यह पिछले दिन के शून्य से नीचे 7.3 डिग्री सेल्सियस तापमान से बेहतर रहा। इसके बाद उत्तरी कश्मीर का स्की रिसॉर्ट गुलमर्ग दूसरा सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दक्षिण कश्मीर के पर्यटन स्थल पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 1.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो पिछली रात के शून्य से नीचे 4.4 डिग्री सेल्सियस से अधिक है। पहलगाम वार्षिक अमरनाथ यात्रा के आधार शिविरों में से एक है।

काजीगुंड में न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस, कोकरनाग में 0.8 डिग्री सेल्सियस और कुपवाड़ा में शून्य से नीचे 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने 28 दिसंबर तक कश्मीर में मौसम आम तौर पर शुष्क रहने का पूर्वानुमान जताया है। हालांकि, नए साल से पहले मौसम में बदलाव के संकेत हैं। विभाग के अनुसार, 29 दिसंबर को ऊंचाई वाले कुछ इलाकों में हल्की बर्फबारी हो सकती है।

मौसम कार्यालय ने कहा कि 30 दिसंबर से एक जनवरी के बीच मैदानी इलाकों में हल्की बारिश और ऊंचे इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना है।

भाषा मनीषा शोभना

शोभना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments