(फाइल फोटो के साथ)
फिरोजपुर/पठानकोट, 12 मई (भाषा) भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष रुकने के बाद पंजाब के सीमावर्ती इलाकों में सोमवार को हालात सामान्य रहे और बाजारों में लोगों की भीड़-भाड़ देखी गयी। हालांकि एहतियातन कुछ जिलों में स्कूल बंद रखे गए हैं।
चार दिन तक सीमा पार से ड्रोन और मिसाइल हमलों के बाद शनिवार अपराह्न भारत और पाकिस्तान के बीच तत्काल प्रभाव से सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति बनी।
जिला अधिकारियों ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और सीमावर्ती जिलों में ‘‘ब्लैकआउट’’ नहीं किया गया है, लेकिन लोगों से किसी भी अफवाह पर भरोसा न करने और शांति बनाए रखने का आग्रह किया है।
पाकिस्तान की सीमा से सटे फिरोजपुर, फाजिल्का, पठानकोट, अमृतसर, तरनतारन और गुरदासपुर जिलों में स्कूल सोमवार को बंद रहे। पठानकोट और गुरदासपुर में कॉलेज और विश्वविद्यालय भी बंद रहे।
हालांकि, गुरदासपुर में अधिकारियों ने बताया कि विश्वविद्यालय और कॉलेज ऑनलाइन कक्षाएं प्रारंभ कर सकते हैं।
पाकिस्तान के साथ 553 किलोमीटर लंबी सीमा साझा करने वाले पंजाब के सीमावर्ती इलाकों में सामान्य गतिविधियां फिर से शुरू हो गई हैं।
सोमवार को बाजारों में हमेशा की तरह चहल-पहल रही और लोग पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान के खिलाफ सुरक्षा बलों की कार्रवाई की सराहना भी कर रहे हैं।
पठानकोट में एक किराना दुकान के मालिक ने कहा, ‘‘भारत ने पाकिस्तान को सबक सिखाया है और उसने पड़ोसी देश को एक कड़ा संदेश भी दिया। अब पाकिस्तान हमारे देश की तरफ नजर उठाने तक की हिम्मत नहीं करेगा।’’
सीमावर्ती जिलों में से एक पठानकोट में पाकिस्तान की तरफ से कई ड्रोन हमले किए गए थे जिन्हें भारतीय सुरक्षा बलों ने विफल कर दिया था।
फिरोजपुर में सुरक्षित स्थानों पर चले गए ग्रामीण अपने गांवों में लौट रहे हैं। सीमा के पास गांव ‘जल्लो के’ के निवासी दलेर सिंह ने कहा कि आस-पास के इलाकों के अधिकांश निवासी अपना घर-बार छोड़कर चले गए थे।
उन्होंने कहा, ‘‘अब उनमें से अधिकांश वापस आ गए हैं, लेकिन वे सजग हैं। कुल मिलाकर, जीवन सामान्य है और हम अपने खेतों में वापस जा रहे हैं।’’
फिरोजपुर के एक निवासी ने कहा, ‘‘स्थिति अब सामान्य है। हमें उम्मीद है कि अब हमले नहीं होंगे और शांति बनी रहेगी।’’
अधिकारियों ने कहा कि दोनों देशों में सहमति बनने के बाद रद्द आंशिक रूप से रद्द की गईं रेल सेवाओं को बहाल कर दिया गया हे।
उन्होंने बताया कि 23 रेल सेवाएं रद्द की गई थीं, आठ रेल सेवाएं आंशिक रूप से रद्द की गईं और तीन का समय बदला गया।
अधिकारियों ने रविवार शाम को फिरोजपुर, गुरदासपुर, पठानकोट और मोगा में लोगों को स्वेच्छा से अपने घरों की लाइटें बंद करने और अनावश्यक बाहर निकलने से बचने की सलाह दी।
भाषा खारी नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.