गाजियाबाद (उप्र), 25 फरवरी (भाषा) गाजियाबाद में ग्रीनफील्ड पब्लिक स्कूल के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में तेंदुआ दिखने से हड़कंप मच गया। वन विभाग और पुलिस के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्कूल को खाली कराकर बंद करा दिया है।
प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) ईशा सिंह ने बुधवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि गोविंदपुरम क्षेत्र में स्थित ग्रीनफील्ड पब्लिक स्कूल के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में तेंदुआ नजर आया है, इसके बाद तेंदुए को पकड़ने के लिए स्कूल परिसर में पिंजड़ा और जाल भी लगाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि स्कूल प्रशासन ने तेंदुआ दिखाई देने की सूचना वन विभाग और पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने छात्रों, शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूल को खाली कराकर बंद करा दिया है।
सिंह ने बताया कि वन विभाग ने तेंदुए की तलाश में बुधवार को गोविंदपुरम इलाके में अभियान शुरू किया है।
उन्होंने बताया कि अधिकारियों ने स्कूल के चारों ओर एक सुरक्षा घेरा बनाया है। लोगों के आवागमन को रोकने और वन्य जीव विशेषज्ञों द्वारा तलाशी वाले क्षेत्र को साफ रखने के लिए सड़कों पर बैरिकेडिंग की गई है।
प्रभागीय वन अधिकारी ने कहा, ‘हमारा पहला मकसद तेंदुए को सुरक्षित जगह पर ले जाना है। ट्रैंक्विलाइज़र से लैस विशेष टीमें लगातार स्कूल के घने इलाकों और गोविंदपुरम के बड़े जंगल वाले इलाके में नजर रख रही हैं।
उन्होंने बताया कि प्रशासन ने स्थानीय निवासियों के लिए परामर्श जारी किया है और उनसे घर के अंदर रहने की अपील की है।
अधिकारियों ने लोगों को सोशल मीडिया पर अफवाहें न फैलाने की चेतावनी दी है।
सिंह ने कहा कि वन विभाग की टीम तेंदुए के पैरों के निशानों के जरिए यह पता लग रही है कि वह गाजियाबाद शहर में कैसे आया।
उन्होंने बताया कि पूर्व में तेंदुए गढ़मुक्तेश्वर की तरफ से गंग नहर और नदी के रास्ते आए थे।
भाषा सं सलीम मनीषा रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
