scorecardresearch
Monday, 22 September, 2025
होमदेशमध्यप्रदेश के बड़वानी में तेंदुए ने आठ साल की बच्ची की जान ली

मध्यप्रदेश के बड़वानी में तेंदुए ने आठ साल की बच्ची की जान ली

Text Size:

बड़वानी (मध्यप्रदेश), 21 सितंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के एक गांव में रविवार को एक तेंदुए ने आठ साल की एक बच्ची को उसकी मां के सामने खेत में मार डाला। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि यह घटना जिला मुख्यालय से करीब 37 किलोमीटर दूर राजपुर उपमंडल के तहत किरता फलिया गांव में हुई।

अधिकारी ने कहा कि तेंदुए के लड़की को गिरफ्त में लेने के बाद उसकी मां और खेत में काम करने वाले अन्य मजदूरों ने शोर मचाया और उसका पीछा किया।

उन्होंने बताया कि बाद में जानवर गंभीर रूप से घायल लड़की को छोड़कर जंगल में भाग गया।

ग्रामीणों ने लड़की को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालांकि वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी देवेंद्र रोमडे के अनुसार, मृतक लड़की की पहचान गीता के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि तेंदुए ने गीता की गर्दन पर दोनों तरफ से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई।

प्रभागीय वन अधिकारी आशीष बंसोड़ के अनुसार इलाके में पिंजरा और ट्रैप कैमरे लगाए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि वन विभाग की गश्ती टीमों को भी चौबीसों घंटे निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

बंसोड़ ने कहा कि उन्होंने तेंदुए का पता लगा लिया है और उसे गिरफ्त में लेने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने कहा कि इसने हाल में एक बकरी को मार डाला था।

तेंदुए के हमले में यह दूसरी मौत है और विगत 35 दिनों में क्षेत्र में तेंदुए का तीसरा हमला है।

भाषा सं ब्रजेन्द्र नोमान

नोमान

नोमान

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments