गोरखपुर (उप्र), 27 फरवरी (भाषा) गोरखपुर जिले के बांसगांव नगर पंचायत क्षेत्र में शुक्रवार सुबह जमीनी विवाद में एक अधिवक्ता की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, मृत अधिवक्ता की पहचान बांसगांव नगर पंचायत के वार्ड नंबर नौ के निवासी अग्निवेश सिंह (42) के तौर पर हुई है।
बताया जा रहा है कि नाली का पानी उनकी जमीन पर जाने को लेकर हुए झगड़े के बाद विरोधियों ने उन पर हमला किया।
परिवार वालों ने आरोप लगाया कि कुछ गांववालों ने उनपर तब हमला किया जब उन्होंने अपनी जमीन से होकर नाली का पानी निकालने से जुड़ी जबरदस्ती और पाइप बिछाने का विरोध किया।
पुलिस के मुताबिक, झगड़ा सुबह करीब 9.30 बजे हुआ, जब नगर पंचायत वार्ड नंबर नौ में नाली बना रही थी।
मृतक के भाई अधिवक्ता नीतीश सिंह ने पुलिस को बताया कि संजय सिंह, सौरभ सिंह और सौरभ की मां नाली का पानी निकालने के लिए अग्निवेश की जमीन में पाइप बिछाने की कोशिश कर रहे थे।
जब अग्निवेश ने इसका विरोध किया, तो उन्होंने कथित तौर पर उस पर हमला करना शुरू कर दिया।
अग्निवेश को गंभीर चोटें आईं और चिकित्सक ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि इस घटना में नीतीश सिंह और उनके पिता सुनील सिंह भी घायल हुए हैं, लेकिन वे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
सूचना मिलने पर उप जिलाधिकारी प्रदीप सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।
पुलिस अधीक्षक (दक्षिण) दिनेश कुमार पुरी ने कहा, ‘‘मृतक के भाई नीतीश सिंह की दी गई तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।’
पुलिस ने कहा कि आगे की जांच जारी है।
भाषा सं आनन्द
संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
