scorecardresearch
Thursday, 26 February, 2026
होमदेशललन ने आरसीपी सिंह की जद(यू) में वापसी की संभावना को खारिज किया, प्रशांत किशोर पर निशाना साधा

ललन ने आरसीपी सिंह की जद(यू) में वापसी की संभावना को खारिज किया, प्रशांत किशोर पर निशाना साधा

Text Size:

पटना, 18 जनवरी (भाषा) जनता दल (यूनाइटेड) के पूर्व अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह ‘ललन’ ने रविवार को अपने प्रतिद्वंद्वी आरसीपी सिंह की पार्टी में वापसी की अटकलों को खारिज कर दिया।

केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर पर भी निशाना साधा।

सिंह ने हाल ही में जद(यू) में संभावित वापसी का संकेत देते हुए दावा किया था कि वह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को ‘किसी और से बेहतर’ जानते हैं। इस बारे में पूछे जाने पर ललन सिंह ने कहा, ‘जिन लोगों ने पार्टी को 70 से अधिक सीट से घटाकर 40 से कुछ अधिक सीट पर ला दिया, उनके लिए अब कोई जगह नहीं बची है। जनता ने एक बार फिर हम पर अपना विश्वास जताया है।’

केंद्रीय मंत्री ललन सिंह से जब पूछा गया कि क्या प्रशांत किशोर के जद(यू) में वापसी की इच्छा व्यक्त करने पर उन्हें पार्टी में शामिल किया जा सकता है, तो उन्होंने कहा, ‘वह कौन हैं? क्या वह वही नहीं हैं, जिन्होंने जद(यू) के 25 से अधिक सीट जीतने पर राजनीति से संन्यास लेने का वादा किया था? पार्टी ने इससे कहीं अधिक सीट जीती हैं। तो फिर वह अभी भी राजनीति में क्यों बने हुए हैं?’

प्रशांत किशोर 2020 में पार्टी से निष्कासित होने से पहले राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के पद पर थे।

उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव पर भी निशाना साधा। तेजस्वी ने हाल ही में चुनावों में अपनी पार्टी के प्रदर्शन की समीक्षा करने के लिए एक बैठक आयोजित की थी।

ललन सिंह ने कहा, ‘वह जो चाहें कर सकते हैं, लेकिन वे बुरी तरह पराजित हो चुके हैं। 243 सदस्यीय विधानसभा में उन्होंने केवल 25 सीट जीती है।’

भाषा

शुभम दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments