scorecardresearch
Tuesday, 3 February, 2026
होमदेशशराब घोटाले के मामलों में लखमा को मिली जमानत सत्य की जीत : पूर्व मुख्यमंत्री बघेल

शराब घोटाले के मामलों में लखमा को मिली जमानत सत्य की जीत : पूर्व मुख्यमंत्री बघेल

Text Size:

रायपुर, तीन फरवरी (भाषा) छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मंगलवार को पार्टी विधायक और पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा को शराब घोटाले से जुड़े दो मामलों में उच्चतम न्यायालय द्वारा दी गई अंतरिम जमानत का स्वागत किया और कहा कि यह निर्णय साबित करता है कि कठिनाइयों के बावजूद अंततः सत्य की जीत होती है।

न्यायालय ने मंगलवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), छत्तीसगढ़ के भ्रष्टाचार-रोधी ब्यूरो (एसीबी) और आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) द्वारा अलग-अलग दर्ज मामलों में लखमा को अंतरिम जमानत दी।

बघेल ने एक पोस्ट में बस्तर के लोगों, आदिवासी समुदाय एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बधाई दी तथा लखमा को एक लोकप्रिय आदिवासी नेता एवं कांग्रेस की सशक्त आवाज करार दिया।

उन्होंने कहा, “लखमा जी उन आदिवासियों के शुभचिंतक हैं, जिन्हें उद्योगपति अदाणी को लाभ पहुंचाने की साजिश के तहत अन्यायपूर्ण तरीके से जेल में डाल दिया गया था। वह बस्तर के सबसे लोकप्रिय नेता और कांग्रेस पार्टी की मुखर आवाज हैं। माननीय उच्चतम न्यायालय द्वारा लखमा जी को दी गई जमानत ने एक बार फिर इस बात की पुष्टि की है कि सत्य की लड़ाई में संघर्ष तो होता है, लेकिन अंततः सत्य की ही जीत होती है। ‘लड़ेंगे- जीतेंगे’।’’

लखमा को शराब घोटाले में धनशोधन के आरोपों में ईडी ने 15 जनवरी, 2025 को गिरफ्तार किया था और तब से वह जेल में थे।

राज्य की एसीबी और ईओडब्ल्यू ने उन्हें पिछले साल दो अप्रैल को इसी घोटाले में भ्रष्टाचार के आरोपों से जुड़े एक अलग मामले में जेल में ही गिरफ्तार किया था।

भाषा जितेंद्र सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments