हैदराबाद, 29 मार्च (भाषा) तेलंगाना में भाकपा, मजदूर संघों और अन्य संगठनों ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की कथित जन विरोधी नीतियों के खिलाफ दो दिवसीय देशव्यापी हड़ताल के तौर पर मंगलवार को प्रदर्शन किए।
अखिल भारतीय मजदूर संघ कांग्रेस (एआईटीयूसी) ने यहां मलाकपेट में प्रदर्शन करते हुए चार श्रम संहिताओं को वापस लेने और असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए कल्याण बोर्ड गठित करने की मांग की।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव सी. वेंकट रेड्डी ने कथित जन विरोधी और श्रमिक विरोधी नीतियों को लेकर राजग सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में संपत्तियों को राष्ट्रीय मुद्रीकरण पाइपलाइन के नाम पर बड़े कॉरपोरेट्स और उद्योगपतियों को ‘‘बेचा’’ जा रहा है।
भारतीय ट्रेड यूनियन केंद्र (सीटू) और अन्य विभिन्न संगठनों ने शहर में सुंदराया विगनन केंद्रम में ‘‘केंद्र सरकार का पुतला’’ जलाया।
सूत्रों ने बताया कि सोमवार के मुकाबले मंगलवार को कारखानों में मजदूरों की उपस्थिति थोड़ी बेहतर हुई। सरकारी सिंगरेनी कॉलेरीज और ओपन कास्ट माइंस आंशिक रूप से कार्य कर रही हैं।
भाषा गोला पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
