scorecardresearch
Monday, 23 February, 2026
होमदेशकुमारस्वामी ने कांग्रेस नेता प्रियंक खरगे पर निशाना साधा

कुमारस्वामी ने कांग्रेस नेता प्रियंक खरगे पर निशाना साधा

Text Size:

बेंगलुरु, 16 जनवरी (भाषा) केंद्रीय मंत्री एच डी कुमारस्वामी ने शुक्रवार को कर्नाटक के मंत्री प्रियंक खरगे पर निशाना साधा और उनसे कहा कि वह दूसरों पर टिप्पणी करने के बजाय अपनी पार्टी की स्थिति पर ध्यान दें।

जनता दल-सेक्युलर (जद-एस) की प्रासंगिकता पर सवाल उठाने वाली खरगे की टिप्पणियों का जवाब देते हुए कुमारस्वामी ने कहा कि कांग्रेस को उनकी पार्टी को ‘‘प्रमाणपत्र जारी करने’’ का कोई अधिकार नहीं है और दावा किया कि कांग्रेस के अहंकार की उसे भारी कीमत चुकानी पड़ी है।

कुमारस्वामी ने कहा, ‘‘जद (एस) की बात करने से पहले, बिहार और महाराष्ट्र में अपनी तथाकथित राष्ट्रीय पार्टी की हालत पर एक नजर डालिए।’’

केंद्रीय मंत्री ने कहा, “प्रियंक खरगे कौन होते हैं जद (एस) पर चर्चा करने वाले? हमें उनके प्रमाणपत्र की जरूरत नहीं है। पहले वह अपने पिता से पूछें कि कांग्रेस में कितने मंत्री जद (एस) से हैं? मुख्यमंत्री से लेकर निचले क्रम तक, क्या आप जानते हैं कि कितने लोग मूल रूप से जद (एस) से हैं?’’

उनका इशारा मुख्यमंत्री सिद्धरमैया की ओर था, जो पहले जद (एस) में थे।

कुमारस्वामी ने दावा किया कि अहंकार ने कांग्रेस को भारी नुकसान पहुंचाया है और उन्होंने प्रियंक खरगे से अन्य पार्टियों के बारे में राजनीतिक टिप्पणी करने के बजाय विकास पर ध्यान केंद्रित करने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि जद (एस)-भाजपा गठबंधन कांग्रेस नेतृत्व के लिए परेशानी का सबब बन रहा था।

कुमारस्वामी ने कहा, ‘‘हमारे गठबंधन की वजह से ही पिछले लोकसभा चुनावों में आपकी सीट की संख्या घटकर नौ रह गई। वह नौ सीट भी हमारी गलतियों के कारण ही मिलीं। नहीं तो, सत्ता में होने के बावजूद आपकी राष्ट्रीय पार्टी तीन या चार सीट तक ही सिमट जाती।’’

उन्होंने कहा, ‘‘कुछ लोगों को जनता को लूटकर पैसा कमाने का जुनून होता है। मुझे लोगों के साथ खड़े होकर उनकी मदद करने का जुनून है। हर किसी की भावनाएं अलग-अलग होती हैं।’’

भाषा

देवेंद्र माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments