ठाणे, सात जून (भाषा) महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने एक सराहनीय कदम उठाते हुए किडनी प्रत्यारोपण की जरूरतमंद एक महिला मरीज की जान बचाई। महिला की जलगांव से मुंबई जाने वाली उड़ान छूट गई थी, जिसके बाद शिंदे ने उसे अपने चार्टर्ड विमान से मुंबई भेजने की व्यवस्था की।
प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया, ‘उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे शुक्रवार को जलगांव जिले के मुक्तैनगर में ‘संत मुक्ताबाई पालखी प्रस्थान समारोह’ में शामिल होने गए थे। मुंबई लौटते समय जलगांव हवाई अड्डे पर उनकी उड़ान थोड़ी देर से रवाना हुई। यही देरी एक महिला मरीज के लिए जीवन बचाने वाली साबित हुई, जिसे तुरंत किडनी प्रत्यारोपण की जरूरत थी।’
विज्ञप्ति के अनुसार शीतल बोर्डे नामक महिला मरीज को तत्काल किडनी प्रत्यारोपण सर्जरी के लिए मुंबई के अस्पताल में भर्ती होना था, वह समय पर हवाई अड्डे पहुंचीं, लेकिन तब तक उनकी उड़ान रवाना हो चुकी थी, इससे उनकी सर्जरी समय पर होना असंभव लगने लगा।
इसमें कहा गया कि जब बोर्डे ने अपनी परेशानी हवाईअड्डे पर मौजूद स्थानीय कार्यकर्ताओं को बताई, तो उन्होंने तुरंत राज्य मंत्री गिरीश महाजन से संपर्क किया, इसके बाद महाजन ने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से मदद की अपील की।
विज्ञप्ति में बताया गया कि उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बिना कोई समय गंवाए महिला और उसके पति को अपने चार्टर्ड विमान में मुंबई ले जाने की अनुमति दी, यात्रा के दौरान उन्होंने खुद महिला से बातचीत की और उसके इलाज के बारे में जानकारी ली।
विज्ञप्ति में कहा गया कि उड़ान के मुंबई पहुंचने के बाद, उपमुख्यमंत्री शिंदे ने तुरंत एक विशेष एम्बुलेंस की व्यवस्था करवाई और स्वयं महिला की अस्पताल में भर्ती की प्रक्रिया की निगरानी की।
जलगांव के संरक्षक मंत्री गुलाबराव पाटिल ने बाद में उपमुख्यमंत्री के इस कदम की सराहना की।
उन्होंने कहा, ‘एकनाथ शिंदे ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वह आम नागरिक के प्रति समर्पित हैं।’
भाषा योगेश रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.