scorecardresearch
Friday, 10 April, 2026
होमदेशखरगे ने गुजरात के लोगों को ‘अशिक्षित’ कहने पर खेद जताया

खरगे ने गुजरात के लोगों को ‘अशिक्षित’ कहने पर खेद जताया

Text Size:

नयी दिल्ली, आठ अप्रैल (भाषा) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने केरल में चुनाव प्रचार के दौरान गुजरात के लोगों को ‘‘अशिक्षित’’ कहने के लिए बुधवार को खेद प्रकट किया और कहा कि उनके मन में गुजराती जनता के प्रति बहुत सम्मान है।

खरगे ने रविवार को केरल में विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान दिये गए भाषण में गुजरात के लोगों को ‘अशिक्षित’ बताया था और कहा था कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उन्हें ‘बेवकूफ’ बना रहे हैं।

उन्होंने बुधवार को ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘हाल ही में केरल में दिए गए मेरे एक चुनावी भाषण की कुछ टिप्पणियों को जानबूझकर गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। फिर भी, मैं अपनी तरफ से जिम्मेदारी के साथ खेद व्यक्त करता हूं। गुजरात के लोगों के प्रति मेरे मन में सर्वोच्च सम्मान रहा है और हमेशा रहेगा। वहां के लोगों की भावनाओं को आहत करना मेरा कभी उद्देश्य नहीं था।’’

कांग्रेस अध्यक्ष ने केरल की चुनावी सभा में कहा, ‘‘केरल के लोगों को गुमराह मत कीजिए। वे बहुत चतुर और शिक्षित हैं। मोदी जी, विजयन, आप दोनों गुजरात या अन्य जगहों के अशिक्षित लोगों को मूर्ख बना सकते हैं, लेकिन केरल के लोगों को मूर्ख नहीं बना सकते।’’

खरगे की इस टिप्पणी पर पलटवार करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इसे गुजरात और उत्तर भारत के लोगों का अपमान बताया था।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा था कि कांग्रेस अध्यक्ष को बताना चाहिए कि महात्मा गांधी, सरदार वल्लभभाई पटेल, जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और गुजरात, उत्तर प्रदेश तथा उत्तर भारत के अन्य हिस्सों से आने वाले कांग्रेस के सभी प्रमुख नेताओं की ‘‘बुद्धिमत्ता’’ पर उनकी क्या रय है।

भाषा हक

हक मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments