scorecardresearch
Tuesday, 31 March, 2026
होमदेशखरगे और राहुल ने रामनवमी पर इंदौर मे हुए हादसे में कई लोगों की मौत पर दुख जताया

खरगे और राहुल ने रामनवमी पर इंदौर मे हुए हादसे में कई लोगों की मौत पर दुख जताया

Text Size:

नयी दिल्ली, 30 मार्च (भाषा) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने मध्य प्रदेश के इंदौर में रामनवमी पर हवन के दौरान एक पुरातन बावड़ी की छत धंसने से कई लोगों की मौत पर दुख जताया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

खरगे ने ट्वीट किया, ‘‘मध्य प्रदेश के इंदौर में बेलेश्‍वर महादेव झूलेलाल मंदिर में हुए हादसे से हम सब व्यथित है। त्रासदी में मृत सभी श्रद्धालुओं के परिवारों को हमारी गहरी संवेदनाएं। घायलों को त्वरित व उचित स्वास्थ्य सहायता मिले, इसके लिये हम सरकार एवं प्रशासन से आग्रह करते है।’’

राहुल गांधी ने कहा, ‘‘इंदौर में बेलेश्वर महादेव झूलेलाल मंदिर में उत्सव के दौरान हुए हादसे की खबर बहुत दुखद है। इस दुर्घटना में जिनकी मृत्यु हुई, उनके परिवारजनों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। सभी घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की आशा करता हूं।’’

प्रियंका गांधी वाद्रा ने ट्वीट कर कहा, ‘‘इंदौर के बेलेश्वर महादेव मंदिर में हुए हादसे का समाचार पाकर मन को बेहद दुख पहुंचा। मृतकों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी शोक संवेदनाएं। ईश्वर से प्रार्थना है कि घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ मिले। कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील है कि राहत एवं बचाव कार्य में हरसंभव मदद करें।’’

उल्लेखनीय है कि इंदौर के बेलेश्वर महादेव झूलेलाल मंदिर में रामनवमी पर बृहस्पतिवार को आयोजित हवन के दौरान पुरातन बावड़ी की छत धंसने से 11 लोगों की मौत हो गई। प्रशासन के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

भाषा हक हक पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments