scorecardresearch
Tuesday, 21 April, 2026
होमदेशखरगे ने मोदी पर सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग करके राजनीतिक दलों को आतंकित करने का आरोप लगाया

खरगे ने मोदी पर सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग करके राजनीतिक दलों को आतंकित करने का आरोप लगाया

Text Size:

चेन्नई, 21 अप्रैल (भाषा) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर अपना हमला तेज करते उन पर आरोप लगाया कि वह विपक्ष को दबाने के लिए सरकारी मशीनरी और केंद्रीय एजेंसियों का गलत इस्तेमाल करके राजनीतिक दलों और लोगों को ‘आतंकित’ कर रहे हैं।

कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल के साथ चेन्नई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए खरगे ने अन्नाद्रमुक के भाजपा के साथ गठबंधन की आलोचना करते हुए प्रधानमंत्री को ‘आतंकवादी’ कहा।

हालांकि, जब संवाददाताओं ने इस टिप्पणी का परिप्रेक्ष्य स्पष्ट करने के लिए दबाव डाला, तो कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि उनका मतलब था कि प्रधानमंत्री देश के लोकतांत्रिक ताने-बाने को ‘आतंकित’ कर रहे हैं।

खरगे ने कहा, ‘‘वह लोगों और राजनीतिक दलों को आतंकित कर रहे हैं। मैंने कभी नहीं कहा कि वह (शब्दश:) आतंकवादी हैं। इसे आतंकित करना… वह अपनी सत्ता और सरकारी मशीनरी का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं और विपक्षी पार्टियों को गाली दे रहे हैं, बदनाम कर रहे हैं।’’

कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग ‘‘भाजपा कार्यालय का एक्सटेंशन’’ बन गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री पर चुनाव प्रचार के आखिरी चरण में आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने का आरोप लगाया।

उन्होंने दावा किया कि सीबीआई, ईडी और आयकर विभाग जैसी केंद्रीय एजेंसियों को राजनीतिक लोगों को डराने-धमकाने के औजार के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा है।

खरगे ने महिला आरक्षण से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक को लेकर भी केंद्र पर निशाना साधा। उन्होंने प्रधानमंत्री पर यह दावा करके जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया कि विपक्ष ने महिला आरक्षण से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक को पारित नहीं होने दिया।

उन्होंने तर्क दिया, ‘‘अगर वह सच में इसे लागू करना चाहते हैं, तो वह मौजूदा 543 लोकसभा सीटों में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दे सकते हैं। वह इसे क्यों नहीं दे रहे हैं?’’

भाषा वैभव नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments