पलक्कड़, 16 अप्रैल (भाषा) केरल के पलक्कड़ स्थित श्रीकृष्णपुरम में विशु पर्व के दौरान हाथ में पटाखा फटने से 34 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान श्रीकृष्णपुरम निवासी दिलीप के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, विशु उत्सव के मौके पर दिलीप और उसके दोस्त बुधवार रात लगभग 8:30 बजे श्रीकृष्णपुरम के एक क्लब में पटाखे फोड़ रहे थे।
पुलिस ने बताया कि दिलीप ने हाथ में पटाखा जलाते वक्त दूसरे हाथ में भी पटाखे पकड़े हुए थे।
अधिकारियों ने बताया कि फटे हुए पटाखे से निकली चिंगारी से उसके दूसरे हाथ में मौजूद पटाखे भी जल गये, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया।
दिलीप को तत्काल पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां रात करीब 10:30 बजे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि अस्पताल अधिकारियों को संदेह है कि दुर्घटना के बाद हृदय गति रुकने से दिलीप की मौत हुई।
पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के सटीक कारण की पुष्टि होगी। पुलिस ने बताया कि श्रीकृष्णपुरम थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी है।
भाषा जितेंद्र गोला
गोला
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
