scorecardresearch
Friday, 10 April, 2026
होमदेशकेरल: जोस मणि ने चर्च नेताओं के विरूद्ध बयान देने पर पी सी जॉर्ज एवं उनके बेटे की आलोचना की

केरल: जोस मणि ने चर्च नेताओं के विरूद्ध बयान देने पर पी सी जॉर्ज एवं उनके बेटे की आलोचना की

Text Size:

कोट्टायम (केरल), 10 अप्रैल (भाषा) केरल कांग्रेस (एम) के अध्यक्ष जोस के मणि ने चर्च के नेताओं की आलोचना करने को लेकर शुक्रवार को भाजपा नेता पी सी जॉर्ज और उनके बेटे शोन जॉर्ज पर तीखा हमला बोला और कहा कि उनका ‘असली चेहरा’ अब उजागर हो गया है।

पी सी जॉर्ज ने आरोप लगाया था कि एक कैथोलिक बिशप ने नन को कांग्रेस नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के पक्ष में मतदान करने का निर्देश दिया। जॉर्ज ने कहा था कि ईसाई चर्च के कुछ वर्ग जिस प्रस्तावित विदेशी अंशदान (विनियमन) अधिनियम (एफसीआरए) संशोधन विधेयक का विरोध कर रहे हैं, वह पारित हो जाएगा।

पाला से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने वाले शोन जॉर्ज ने एफसीआरए मुद्दे पर चर्च से जुड़े एक मलयालम दैनिक के रुख की भी आलोचना की।

मणि ने कहा कि चर्च और उसके नेताओं के रुख का राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि लोग जॉर्ज के चरित्र से पहले से ही परिचित हैं।

उन्होंने कहा, “असली चेहरा बेनकाब हो चुका है और अब सबके सामने है। भाजपा को जल्द ही इसका एहसास हो जाएगा।”

जॉर्ज पहले केरल कांग्रेस के सदस्य थे, फिर उन्होंने अपनी पार्टी बनाई और बाद में भाजपा में शामिल हो गए।

मणि ने कहा कि केरल कांग्रेस (एम) सामाजिक प्रासंगिकता के आधार पर मुद्दों को उठाती है, न कि किसी विशेष समुदाय से उनके जुड़ाव के आधार पर।

उन्होंने कहा कि पार्टी ने एफसीआरए का मुद्दा उठाया है और चेतावनी दी है कि इसके परिणाम गंभीर हो सकते हैं।

शोन जॉर्ज के इस दावे पर कि उन्होंने और भाजपा के प्रदेश नेताओं ने एफसीआरए संशोधन विधेयक को रुकवाने के लिए हस्तक्षेप किया था, मणि ने कहा, “तो फिर एफसीआरए संशोधन क्यों लाया गया? इसकी कोई आवश्यकता नहीं थी।”

भाषा राजकुमार दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments