scorecardresearch
Friday, 6 February, 2026
होमदेशकेरल: ईडी ने टीडीबी के पूर्व अधिकारी की संपत्ति जब्त की

केरल: ईडी ने टीडीबी के पूर्व अधिकारी की संपत्ति जब्त की

Text Size:

नयी दिल्ली, छह फरवरी (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने त्रावणकोर देवस्वओम बोर्ड (टीडीबी) के एक पूर्व प्रशासनिक अधिकारी और उनकी पत्नी की 40 लाख रुपये की अचल संपत्तियों को धन शोधन की जांच के तहत जब्त कर लिया। एजेंसी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

एजेंसी ने एक बयान में कहा कि कोल्लम जिले में स्थित जयप्रकाश जे. और श्रीजा जयप्रकाश की दो संपत्तियों को धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत कुर्क करने का एक अंतरिम आदेश बुधवार को जारी किया गया।

धन शोधन का यह मामला केरल सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो द्वारा निलक्कल देवस्वओम के पूर्व प्रशासनिक अधिकारी जयप्रकाश तथा टीडीबी के अन्य अधिकारियों के खिलाफ दर्ज की गई प्राथमिकियों से जुड़ा है।

केरल के पत्तनमथिट्टा जिले के निलक्कल शहर में स्थित निलक्कल महादेव मंदिर, शबरिमला तीर्थयात्रा के लिए आधार शिविर के रूप में कार्य करता है और इसका प्रबंधन टीडीबी द्वारा किया जाता है।

पुलिस में की गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 2018-19 में मंडल मकरविलक्कू उत्सव (शबरिमला मंदिर तीर्थयात्रा से जुड़ा दो महीने का वार्षिक आयोजन) के दौरान, जे.पी. ट्रेडर्स कंपनी के नाम पर ‘जाली’ बिल और चालान बनाए जाने के बाद देवास्वओम फंड से 59.98 लाख रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की गई।

एजेंसी ने बताया कि 8.20 लाख रुपये का केवल एक चेक ही वैध रूप से वास्तविक आपूर्तिकर्ता को भुगतान किया गया था। शेष तीन चेक से ‘धोखाधड़ी’ कर धन प्राप्त कर लिया गया, जिससे सह-आरोपी की सहायता से 51.77 लाख रुपये का ‘गबन’ हुआ।

एजेंसी ने दावा किया है कि जयप्रकाश को इन फंड में से 40.48 लाख रुपये से अधिक प्राप्त हुए थे।

भाषा यासिर नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments