तिरुवनंतपुरम, 20 मार्च (भाषा) कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता शमा मोहम्मद ने केरल विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी की उम्मीदवार सूची में महिलाओं के कम प्रतिनिधित्व पर शुक्रवार को असंतोष व्यक्त किया।
कांग्रेस नेता ने ‘फेसबुक’ पर एक पोस्ट में कहा कि बहुत कम महिलाओं को टिकट मिलना निराशाजनक है। उन्होंने कहा, “… मैं अपने नेता राहुल गांधी का बहुत सम्मान करती हूं और उनसे विनम्रतापूर्वक अनुरोध करती हूं कि वह केरल में महिला कांग्रेस का समर्थन करें।”
शमा ने कहा कि कांग्रेस 92 सीट पर चुनाव लड़ रही है, जिनमें से केवल नौ महिलाओं को टिकट दिया गया है।
उन्होंने यह भी बताया कि 2024 के लोकसभा चुनाव में 16 सीट में से केवल एक महिला को टिकट दिया गया था।
कांग्रेस नेता ने कहा, “अगर सक्षम महिलाओं को पहचान नहीं मिल रही है, तो स्थिति वाकई बहुत खराब है। यह बेहद निराशाजनक है।”
इस बीच, कोच्चि नगर निगम की पार्षद दीप्ति मैरी वर्गीस ने पत्रकारों से कहा कि पार्टी द्वारा टिकट न दिए जाने से उन्हें कोई निराशा नहीं है।
वर्गीस को टिकट मिलने की उम्मीद थी।
उन्होंने कहा, “उम्मीदवारों का चयन हमेशा पार्टी के भीतर परामर्श प्रक्रिया के माध्यम से होता है। कई लोग चुनाव लड़ने की इच्छा रख सकते हैं लेकिन हर किसी को टिकट नहीं दिया जा सकता। इसमें कुछ भी असामान्य बात नहीं है।”
निगम पार्षद ने विश्वास व्यक्त किया कि कांग्रेस नीत गठबंधन (यूडीएफ) एकजुट होकर चुनाव लड़ेगा और विजयी होगा।
भाषा जितेंद्र अविनाश
अविनाश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
