scorecardresearch
Friday, 6 March, 2026
होमदेशएसआईटी की पूछताछ पर सवाल उठाने पर कविता ने रामा राव की आलोचना की

एसआईटी की पूछताछ पर सवाल उठाने पर कविता ने रामा राव की आलोचना की

Text Size:

हैदराबाद, दो फरवरी (भाषा) भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) से निलंबित नेता के. कविता ने फोन टैपिंग मामले में पार्टी प्रमुख के. चंद्रशेखर राव से विशेष अन्वेषण दल( एसआईटी) द्वारा पूछताछ पर सवाल उठाने को लेकर पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष और अपने भाई के. टी. रामाराव की सोमवार को आलोचना की।

कविता ने टिप्पणी की कि रामा राव इस तरह बोल रहे है कि मानो चंद्रशेखर राव को पूछताछ के लिए बुलाना अपराध हो, लेकिन कानून से कोई भी ऊपर नहीं है।

उन्होंने यहां पत्रकारों से कहा, ‘कल फोन टैपिंग मामले में केसीआर (चंद्रशेखर राव) को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष के टी रामाराव ने कई बातें कहीं। उन्होंने ऐसे बात की जैसे पूछताछ के लिए बुलाना कोई जघन्य अपराध हो। जब आप सार्वजनिक जीवन में होते हैं, तो कई मुद्दे सामने आते हैं और आपको उनके परिणामों का सामना करना पड़ता है।’

केसीआर की बेटी कविता ने कहा कि बेहतर होगा यदि नेता पारदर्शी तरीके से जांच कराने और मामले को सुलझाने में सहयोग करें।

उन्होंने रेखांकित किया कि केसीआर को इतने दिनों तक पूछताछ के लिए नहीं बुलाया गया है और इस बात पर जोर दिया कि बीआरएस को इस पर आंतरिक रूप से विचार करना चाहिए कि ऐसी स्थिति क्यों उत्पन्न हुई।

कविता ने कहा कि दिल्ली की कथित आबकारी नीति घोटाले से संबंधित मामले में वह प्रवर्तन निदेशालय ईडी और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के सामने पेश हुई थीं, हालांकि उन्होंने कुछ भी गलत नहीं किया था।

उन्होंने कहा, ‘सभी को कानून का पालन करना होगा। जब हमें पूछताछ के लिए बुलाया जाए तो हमें उपस्थित होना होगा। जब तक उनकी सोच में बदलाव नहीं आता, तब तक कोई भी बीआरएस को नहीं बचा सकता।’

अपने चचेरे भाई और बीआरएस विधायक टी हरीश राव का स्पष्ट रूप से जिक्र करते हुए उन्होंने दावा किया कि फोन टैपिंग मामले में सच्चाई सामने नहीं आ सकती क्योंकि कांग्रेस सरकार और पूर्व सरकार के बीच मैच फिक्सिंग हुई है।

केसीआर से पूछताछ के बाद रविवार को पत्रकारों से बात करते हुए रामा राव ने दावा किया कि फोन टैपिंग का मामला ‘निराधार’ है और इसमें ‘कुछ भी नहीं’ है।

भाषा नोमान नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments