मंगलुरु (कर्नाटक), 13 मार्च (भाषा) दक्षिण कन्नड़ जिले में शुक्रवार को एक कार और कर्नाटक राज्य सड़क परिवहन निगम (केएसआरटीसी) बस के बीच हुई टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह दुर्घटना जिले के पुत्तूर तालुक के उप्पिनंगडी थाना क्षेत्र में शिरडी घाट के पास हुई।
पुलिस ने बताया कि अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे हसन से मंगलुरु की ओर जा रही कर्नाटक पंजीकरण संख्या वाली एक कार केएसआरटीसी की बस से टकरा गई जो धर्मस्थल से तिरुपति जा रही थी।
मृतकों की पहचान चंद्रशेखर (57), जनार्दन गौड़ा (58) और श्रीधर गौड़ा (61) के रूप में हुई है, जो कार में यात्रा कर रहे थे।
कार सवार ही एक अन्य यात्री उजिरे निवासी सुरेश (58) गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें इलाज के लिए मंगलुरु स्थित ए. जे. अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उप्पिनंगडी पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच की जा रही है।
भाषा यासिर पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
