बेंगलुरु, दो मार्च (भाषा) कर्नाटक उच्च न्यायालय ने ‘‘कांतारा चैप्टर-1’’ फिल्म के एक पात्र की नकल करके कथित रूप से एक देवता का मजाक उड़ाने से जुड़े मामले में बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह को दी गई अंतरिम राहत सोमवार को नौ मार्च तक के लिए बढ़ा दी।
अभिनेता ने उच्च न्यायालय में याचिका दायर करके अपने खिलाफ दर्ज प्राथमिकी रद्द करने का अनुरोध किया था। प्राथमिकी में उन्हें फिल्म में ऋषभ शेट्टी द्वारा निभाए गए ‘चावुंडी’ दैव के पात्र की नकल करने के लिए आरोपी बनाया गया है।
सिंह ने नकल करते समय चावुंडी दैव को ‘भूत’ कहा था।
अभिनेता को सोमवार को व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश होने का आदेश दिया गया था।
अभिनेता के वकील सज्जन पूवैया ने अदालत में कहा कि सिंह पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण लंदन में फंसे हुए हैं और बेंगलुरु नहीं पहुंच पा रहे हैं।
पेशे से वकील शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि दैव को भूत कहने से उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
स्थानीय अदालत के आदेश पर पुलिस ने अभिनेता के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
उच्च न्यायालय ने 24 फरवरी को अभिनेता को अंतरिम राहत दी थी और पुलिस को निर्देश दिया था कि वह उनके खिलाफ कोई भी कठोर कार्रवाई न करे।
भाषा जोहेब सुभाष
सुभाष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
