मांड्या(कर्नाटक), 20 जुलाई (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने बुधवार को कहा कि कावेरी नदी पर प्रस्तावित मेकेदातु परियोजना के बारे में अगले सप्ताह तक फैसला आने की उम्मीद है। बोम्मई ने यह भी कहा कि विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) के लिए मंजूरी मिलने के बाद इस परियोजना पर काम शुरू किया जाएगा, जिसे राज्य सरकार ने पहले ही तैयार कर लिया है । मुख्यमंत्री कृष्णा राजा सागर बांध पर कावेरी नदी में पारंपरिक ‘बागीना’ चढ़ाने के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे। बोम्मई ने कहा, ‘‘प्रस्तावित मेकेदातु परियोजना से बेंगलुरु और मांड्या के लोगों के पीने के पानी की समस्या का निदान होगा । परियोजना के लिए आवश्यक मंजूरी प्राप्त करने के लिए कार्रवाई की जा रही है।’’ कावेरी नदी बेसिन में नहर नेटवर्क के आधुनिकीकरण के लिए किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए बोम्मई ने कहा कि बेसिन में लगभग 15 लाख एकड़ में सिंचाई की जा रही है जिसे इन कार्यों के पूरा होने के साथ बढ़ाया जा सकता है। विश्वेश्वरैया नहर के बारे में मुख्यमंत्री ने कहा कि 560 करोड़ रुपये की लागत से इसका आधुनिकीकरण किया जा रहा है.
मैसूर चीनी कंपनी के बारे में बोम्मई ने कहा इसे सरकारी क्षेत्र में बरकरार रखा जायेगा और अगस्त के दूसरे या तीसरे सप्ताह में इसे दोबारा खोला जायेगा । भाषा रंजन नरेशनरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
