मंगलुरु, तीन अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता एवं उडुपी जिले के कुंदापुरा निर्वाचन क्षेत्र से पांच बार के विधायक हलदी श्रीनिवास शेट्टी ने अपने विश्वासपात्रों को संकेत दिया है कि वह आगामी विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे।
पार्टी सूत्रों ने सोमवार को कहा कि शेट्टी जल्द ही अपनी उम्मीदवारी और राजनीति में अपने भविष्य को लेकर फैसला करेंगे।
सूत्रों ने कहा कि उडुपी जिले के एक लोकप्रिय नेता शेट्टी इस शर्त के साथ राजनीतिक संन्यास पर विचार कर रहे हैं कि उनके करीबी सहयोगी किरण कुमार कोडगी को कुंदापुर से चुनाव लड़ने के लिए भाजपा का टिकट दिया जाए।
सूत्रों ने बताया कि शेट्टी मंगलवार को संवाददाता सम्मेलन में अपने राजनीतिक करियर पर फैसले की घोषणा कर सकते हैं। अगर शेट्टी चुनाव नहीं लड़ने का फैसला करते हैं, तो भाजपा को जिले के अन्य निर्वाचन क्षेत्रों में उम्मीदवार तय करते समय अपनी रणनीति पर फिर से काम करना होगा।
शेट्टी पिछले 25 वर्षों से कुंदापुरा निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। वह एक बार निर्दलीय के तौर पर भी निर्वाचित हुए थे। कर्नाटक विधानसभा चुनाव 10 मई को होंगे।
भाषा अमित दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.