scorecardresearch
Monday, 23 March, 2026
होमदेशविधानसभा अध्यक्ष कर्नाटक बजट सत्र की अवधि में कटौती की अनुमति न दें:विपक्ष के नेता

विधानसभा अध्यक्ष कर्नाटक बजट सत्र की अवधि में कटौती की अनुमति न दें:विपक्ष के नेता

Text Size:

बेंगलुरु, 23 मार्च (भाषा) कर्नाटक में विपक्ष के नेता आर. अशोक ने सोमवार को विधानसभा अध्यक्ष से आग्रह किया कि राज्य में दो विधानसभा सीट पर उपचुनाव के दौरान बजट सत्र के समय में कटौती न होने दें।

उन्होंने कहा कि सत्र के समय को घटाने के कदम के संकेत मिल रहे हैं।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता अशोक ने कहा कि ऐसे संकेत मिल रहे हैं कि सत्र की अवधि को कम किया जा सकता है और उन्होंने अध्यक्ष यू टी खादर से ऐसा न होने देने का आग्रह किया।

सदन की कार्यवाही शुरू होते ही अशोक ने कहा, ‘‘हम बेंगलुरु के मुद्दों पर चर्चा करना चाहते थे लेकिन यहां कोई नहीं है। यहां न तो मुख्यमंत्री मौजूद हैं और न ही उपमुख्यमंत्री हैं। हमें क्या करना चाहिए?’’

विधानसभा अध्यक्ष खादर ने जवाब दिया, ‘‘उन्हें आने दीजिए, उसके बाद इस मामले पर चर्चा की जा सकती है।’’

अशेाक ने इस पर पूछा कि क्या वे आएंगे और उन्होंने इस बारे में संदेह व्यक्त किया। उन्होंने कहा, ‘‘ऐसे संकेत मिल रहे हैं कि सरकार सत्र की अवधि को कम कर सकती है। कृपया ऐसा न होने दें।’’

इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि ऐसा कोई भी निर्णय विपक्ष के नेता से चर्चा करने के बाद ही लिया जाएगा।

इस पर अशोक ने कहा कि किसी भी चर्चा की कोई आवश्यकता नहीं है और ‘‘सत्र को निर्धारित समय के अनुसार ही आयोजित होने दें।’’

इसी बीच, विधानसभा के बाहर पत्रकारों से बात करते हुए श्रम मंत्री संतोष लाड ने स्वीकार किया कि ऐसे संकेत मिल रहे हैं कि सत्र के समय में कटौती की जा सकती है।

उन्होंने एक प्रश्न के उत्तर में कहा, “विधानसभा का सत्र तीन सप्ताह से जारी है। बीच में छुट्टियां होने के कारण सत्र बहुत कम दिनों तक ही चला है। विपक्ष, मुख्यमंत्री और अध्यक्ष क्या निर्णय लेंगे, इसकी मुझे पूरी जानकारी नहीं है, लेकिन ऐसे संकेत मिल रहे हैं।’’

मुख्यमंत्री सिद्धरमैया द्वारा 2026-27 का बजट पेश करने के साथ राज्य विधानसभा का बजट सत्र छह मार्च को शुरू हुआ था और यह 27 मार्च को समाप्त होने वाला है।

राज्य के दो विधानसभा क्षेत्रों – बागलकोट और दावणगेरे दक्षिण – में नौ अप्रैल को उपचुनाव होगा।

भाषा यासिर नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments