scorecardresearch
Friday, 10 April, 2026
होमदेशकन्नड़ फिल्म अभिनेता सुदीप ने बोम्मई का किया समर्थन, कर्नाटक चुनाव में भाजपा के लिए करेंगे प्रचार

कन्नड़ फिल्म अभिनेता सुदीप ने बोम्मई का किया समर्थन, कर्नाटक चुनाव में भाजपा के लिए करेंगे प्रचार

Text Size:

बेंगलुरु, पांच अप्रैल (भाषा) किच्चा सुदीप के नाम से लोकप्रिय कन्नड़ फिल्म अभिनेता सुदीप संजीव ने चुनावी राज्य कर्नाटक में मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई का समर्थन करने की बुधवार को घोषणा की, लेकिन स्पष्ट किया कि वह ना तो राजनीति में आ रहे हैं और ना ही 10 मई को होने वाला विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं।

बोम्मई ने अभिनेता के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि सुदीप भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए चुनाव प्रचार करेंगे।

सुदीप ने कहा, ‘‘मैं यहां बसवराज बोम्मई का समर्थन करने आया हूं, जिन्हें मैं मामा कह कर पुकारता हूं। बोम्मई मामा मेरे मुश्किल समय में मेरे साथ खड़े रहे थे।’’

बोम्मई ने कहा कि सुदीप ने यह घोषणा की थी कि वह उनके साथ खड़े रहेंगे और उन्हें अपना समर्थन देंगे, जिसका मतलब है कि वह भाजपा के लिए चुनाव प्रचार करेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘सुदीप किसी पार्टी से जुड़े हुए नहीं हैं। वह मेरा और मेरी पार्टी का समर्थन करने आये हैं।’’

हालांकि, बोम्मई के साथ बहुत करीबी पारिवारिक संबंध रखने वाले सुदीप ने कहा, ‘‘…मैं अकेला हूं और मैं सभी स्थानों पर चुनाव प्रचार नहीं कर सकता।’’

बोम्मई ने कहा कि सुदीप के समर्थन ने भाजपा के चुनाव प्रचार को बड़ी मजबूती दी है।

सुदीप(49) ने कन्नड़ सिनेमा के अलावा हिंदी, तेलुगू और तमिल फिल्म में भी काम किया है। सुदीप को ‘स्वाति मुथु’, ‘केम्पे गौड़ा’, ‘ऐगा’ और ‘पलिवन’ जैसी फिल्म में अभिनय के लिए जाना जाता है।

भाषा सुभाष नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments