scorecardresearch
Thursday, 30 April, 2026
होमदेशकैलाश मानसरोवर यात्रा जून से अगस्त के बीच होगी: विदेश मंत्रालय

कैलाश मानसरोवर यात्रा जून से अगस्त के बीच होगी: विदेश मंत्रालय

Text Size:

नयी दिल्ली, 30 अप्रैल (भाषा) विदेश मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को घोषणा की कि कैलाश मानसरोवर यात्रा इस वर्ष जून से अगस्त तक दो मार्गों – उत्तराखंड में लिपुलेख दर्रा और सिक्किम में नाथू ला – के माध्यम से आयोजित की जाएगी।

चीन के तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र में स्थित कैलाश पर्वत और मानसरोवर झील की तीर्थयात्रा हिंदुओं के साथ-साथ जैन और बौद्ध धर्म के अनुयायियों के लिए भी धार्मिक महत्व रखती है।

भारत और चीन के बीच संबंधों को सामान्य बनाने के प्रयासों के तहत लगभग पांच वर्षों के अंतराल के बाद यह यात्रा पिछले वर्ष पुनः शुरू हुई।

कोविड महामारी के कारण इस यात्रा को पहले 2020 में स्थगित कर दिया गया था और बाद में पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर दोनों पक्षों के बीच सैन्य गतिरोध के कारण इसे फिर से स्थगित कर दिया गया।

मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘विदेश मंत्रालय द्वारा चीनी सरकार के समन्वय से आयोजित कैलाश मानसरोवर यात्रा जून से अगस्त के दौरान होगी।’’

इसमें कहा गया है, ‘‘इस वर्ष, 50 यात्रियों के 10 जत्थे उत्तराखंड से होकर लिपुलेख दर्रे को पार करेंगे और 50 यात्रियों के 10 अन्य जत्थे सिक्किम से होकर नाथू ला दर्रे को पार करेंगे।’’

भाषा शफीक वैभव

वैभव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments