रांची, 30 मई (भाषा) झारखंड में सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने राज्य में आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए वरिष्ठ नेता महुआ माजी को सोमवार को अपना उम्मीदवार घोषित किया।
माजी के नाम की घोषणा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने की, जो झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष भी हैं।
सोरेन ने अपने आधिकारिक आवास पर संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और अपने पिता एवं झामुमो प्रमुख शिबू सोरेन के साथ इस संबंध में चर्चा करने के बाद माजी का नाम तय किया।
हालांकि, कांग्रेस ने ‘‘दिल्ली में हुई चर्चा और आज झामुमो द्वारा लिए गए निर्णय के बीच एक विरोधाभास’’ करार दिया। कांग्रेस और राजद झारखंड में सत्तारूढ़ गठबंधन के दो अन्य घटक हैं।
माजी पहले झारखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष थीं। वह झामुमो की महिला इकाई की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। झामुमो नेता ने पूर्व में रांची विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन हार गई थीं।
कांग्रेस की झारखंड इकाई के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने मीडियाकर्मियों से बात करते हुए कहा, ‘‘पार्टी आलाकमान को झारखंड में राज्यसभा चुनाव से संबंधित घटनाक्रम के बारे में सूचित किया गया है। राज्य प्रभारी मंगलवार को झारखंड का दौरा करेंगे। हम उनके साथ पार्टी के भविष्य के कदम पर चर्चा करेंगे।’’
यह पूछे जाने पर कि क्या कांग्रेस अपना उम्मीदवार उतारेगी, ठाकुर ने कहा, ‘‘हम पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ चर्चा के बाद इस पर टिप्पणी कर सकते हैं।’’
कांग्रेस नेता ने कहा कि हो सकता है कि झामुमो ने कई कारकों का विश्लेषण करने के बाद निर्णय लिया हो, लेकिन दिल्ली में जो चर्चा हुई और आज झामुमो ने जो निर्णय लिया, उसके बीच एक विरोधाभास है।
सोरेन ने रविवार को कहा था कि राज्य में सत्तारूढ़ गठबंधन राज्यसभा सीट के लिए एक संयुक्त उम्मीदवार खड़ा करेगा। मुख्यमंत्री ने हालांकि यह नहीं बताया था कि उम्मीदवार उनकी पार्टी का होगा या कांग्रेस का।
भाजपा ने रविवार को आदित्य साहू को चुनाव के लिए अपना उम्मीदवार बनाया था। पंद्रह राज्यों में राज्यसभा की 57 सीट के लिए 10 जून को चुनाव होंगे।
इक्यासी सदस्यीय राज्य विधानसभा में झामुमो के 30 विधायक हैं, जबकि कांग्रेस के 17 विधायक हैं। मुख्य विपक्षी दल भाजपा के 26 सदस्य हैं।
भाषा अमित दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.