श्रीनगर, 31 दिसंबर (भाषा) जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पुलवामा के एक निवासी की संपत्ति जब्त की है, जिसके बेटों को कथित तौर पर दो आतंकवादियों को शरण देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। एक आधिकारिक प्रवक्ता ने यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि संभागीय आयुक्त, कश्मीर ने एक दिसंबर को संपत्ति जब्त करने के लिए मंजूरी दे दी थी।
प्रवक्ता ने बताया कि इस साल 30 मई को दक्षिण कश्मीर में पुलवामा जिले के अवंतीपोरा इलाके में पुलिस को चेक राजपुरा निवासी जहांगीर अहमद लोन और उमर शफी लोन के घर में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी।
उन्होंने बताया कि मुठभेड़ के दौरान दो आतंकवादी – जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ा शाहिद अहमद राठेर और लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा उमर यूसुफ – मारे गए थे।
प्रवक्ता ने कहा कि मामले की जांच के दौरान आतंकियों को शरण देने में जहांगीर अहमद और उमर शफी की संलिप्तता सामने आई।
भाषा
शफीक माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
