scorecardresearch
Sunday, 10 August, 2025
होमदेशझारखंड के मंत्री रामदास सोरेन की हालत गंभीर, मस्तिष्क में आई है चोट

झारखंड के मंत्री रामदास सोरेन की हालत गंभीर, मस्तिष्क में आई है चोट

Text Size:

रांची, दो अगस्त (भाषा) झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन शनिवार को अपने घर के ‘बाथरूम’ (स्नान कक्ष) में गिर गए जिससे उनके मस्तिष्क में चोट आई है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के 62 वर्षीय नेता अपने घर के बाथरूम में गिरने से गंभीर रूप से चोटिल हो गए थे जिसके बाद उन्हें जमशेदपुर से हवाई मार्ग के जरिये राष्ट्रीय राजधानी के इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल ले जाया गया।

शनिवार शाम को जारी एक बयान के मुताबिक, सोरेन जीवन रक्षक प्रणाली पर हैं और वरिष्ठ विशेषज्ञ चिकित्सकों की एक टीम उनकी स्थिति पर बारीकी से नजर रख रही है।

झामुमो द्वारा साझा किए गए बयान में कहा गया है, ‘‘उनकी हालत फिलहाल गंभीर है और उन्हें जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया है। वरिष्ठ विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम उनकी स्थिति पर बारीकी से नजर रख रही है।’’

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिल्ली स्थित अस्पताल का दौरा किया और चिकित्सकों से बात करके उनकी स्थिति के बारे में जानकारी ली।

उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा, “आदरणीय रामदास दा झारखंड आंदोलन के अग्रणी योद्धा रहे हैं। संघर्ष कर उन्होंने हमेशा हर चुनौती को मात दी है, इस बार फिर वह विजयी होंगे। मरांग बुरु अपने इस लाल को शक्ति और साहस दे।”

मुख्यमंत्री ने कहा, “आज दिल्ली के अपोलो अस्पताल में इलाजरत आदरणीय रामदास दा का उपस्थित चिकित्सक से हालचाल जाना।”

झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी, सोरेन के साथ दिल्ली गए हैं। उन्होंने बताया कि सोरेन को पहले जमशेदपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां चिकित्सकों को पता चला कि उनके मस्तिष्क में खून का थक्का जम गया है। बाद में उन्हें उन्नत उपचार के लिए दिल्ली ले जाया गया।

अंसारी ने कहा कि गिरने से उनके मस्तिष्क में गंभीर चोट आई और खून के थक्के जम गए। उन्होंने कहा, “मैं उनके परिवार के साथ लगातार संपर्क में हूं और स्थिति पर बारीकी से नज़र रख रहा हूं।’

पार्टी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “झामुमो के जुझारू सिपाही और राज्य सरकार में शिक्षा मंत्री आदरणीय श्री रामदास सोरेन जी का इलाज दिल्ली में चल रहा है। आदरणीय श्री रामदास जी का संघर्ष, समर्पण और सेवाभाव हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।”

झामुमो ने कहा, “ ईश्वर से प्रार्थना है कि वह जल्द से जल्द पूर्ण रूप से स्वस्थ होकर हमारे बीच लौटें और अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते रहें।”

भाषा

नोमान संतोष

संतोष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments