scorecardresearch
Wednesday, 8 April, 2026
होमदेशभ्रष्टाचार का अड्डा बन चुका है झारखंड: भाजपा

भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुका है झारखंड: भाजपा

Text Size:

नयी दिल्ली, 31 जुलाई (भाषा) झारखंड से कांग्रेस के तीन विधायकों की भारी मात्रा में नकदी के साथ पश्चिम बंगाल में गिरफ्तारी के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को उस पर पलटवार किया और आरोप लगाया कि यह राज्य ‘‘भ्रष्टाचार का अड्डा’’ बन गया है।

ज्ञात हो कि पश्चिम बंगाल पुलिस ने शनिवार रात गुप्त सूचना के आधार पर हावड़ा के रानीहाटी में राष्ट्रीय राजमार्ग-16 पर कांग्रेस के तीन विधायकों इरफान अंसारी, राजेश कच्छप और नमन बिक्सल कोंगरी को रोका था और उनके वाहन से भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई थी। पुलिस ने रविवार दोपहर बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

कांग्रेस ने इसके बाद तीनों विधायकों को निलंबित कर दिया और आरोप लगाया कि भाजपा झारखंड की गठबंधन सरकार को गिराने की कोशिश कर रही है।

इन आरोपों को खारिज करते हुए भाजपा प्रवक्ता सैयद जफर इस्लाम ने कहा कि अपने विधायकों के भ्रष्टाचार को छुपाने के लिए कांग्रेस दोष भाजपा पर मढ़ रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का बड़ा या फिर छोटा नेता हो, सभी भ्रष्टाचार में लिप्त हैं।

प्रवर्तन निदेशालय की एक हालिया जांच का हवाला देते हुए इस्लाम ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से संबंधित अधिकारियों को संदिग्ध भ्रष्टाचार के मामले में पकड़ा गया है और अब कांग्रेस के तीन विधायकों को भारी मात्रा में नकदी के साथ पकड़ा गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस की सच्चाई एक बार फिर सामने आ गई है। झारखंड में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार है। राज्य सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त है और झारखंड भ्रष्टाचार का अड्डा बन गया है।’’

भाषा ब्रजेन्द्र ब्रजेन्द्र दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments