रांची, 23 जुलाई (भाषा) झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को लोकसभा के पूर्व उपाध्यक्ष करिया मुंडा से रांची के एक अस्पताल में मुलाकात की। मुंडा का अस्पताल में इलाज हो रहा है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की झारखंड इकाई के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी ‘पद्म भूषण’ से सम्मानित करिया मुंडा से मुलाकात की और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
सोरेन ने मुलाकात के बाद सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘आज, मैंने वरिष्ठ नेता आदरणीय करिया मुंडा जी से मुलाकात की, जिनका मेडिका अस्पताल में इलाज हो रहा है। उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली तथा उपस्थित चिकित्सकों को उन्हें सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करने का निर्देश दिया। मैं आदरणीय करिया जी के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।’’
आठ बार सांसद रहे मुंडा को मंगलवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
मुंडा के बेटे जगरनाथ मुंडा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘हम उन्हें मंगलवार दोपहर को अस्पताल ले गए थे, जब उनके रक्त में शर्करा का स्तर गिर गया था और उनका रक्तचाप बढ़ गया था। उनकी हालत अब स्थिर है और वह खाना भी खा रहे हैं।’’
अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि उनकी हालत स्थिर है।
मरांडी ने पोस्ट किया, ‘‘रांची के मेडिका अस्पताल में इलाज करा रहे लोकसभा के पूर्व उपाध्यक्ष करिया मुंडा जी से मुलाकात की और चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। मैं ईश्वर से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।’’
मुंडा (88) अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली सरकार में मंत्री रह चुके हैं।
भाषा सुरभि प्रशांत
प्रशांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.