scorecardresearch
Tuesday, 28 April, 2026
होमदेशझारखंड मंत्रिमंडल ने रांची में दो फ्लाईओवर के निर्माण को मंजूरी दी

झारखंड मंत्रिमंडल ने रांची में दो फ्लाईओवर के निर्माण को मंजूरी दी

Text Size:

रांची, 28 अप्रैल (भाषा) झारखंड मंत्रिमंडल ने मंगलवार को रांची में दो फ्लाईओवर के निर्माण और पलामू स्थित सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज में एक नवाचार केंद्र की स्थापना को मंजूरी दी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि पहला फ्लाईओवर अरगोरा चौक पर बनाया जाएगा, जो हरमू को डिबडीह पुल से जोड़ेगा, जबकि दूसरा फ्लाईओवर करमतोली को साइंस सिटी से जोड़ेगा।

अतिरिक्त मुख्य सचिव (कैबिनेट सचिवालय) वंदना दादेल ने पत्रकारों को बताया, ‘‘अरगोरा चौक पर 3.804 किलोमीटर लंबी फ्लाईओवर परियोजना की लागत लगभग 469.61 करोड़ रुपये होगी, जबकि दूसरी परियोजना की लागत लगभग 351.14 करोड़ रुपये होगी, जो 3.216 किलोमीटर लंबी है।’’

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल बैठक में 15 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।

दादेल ने बताया कि पलामू स्थित सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज में ‘जीईसी पलामू इनोवेशन एंड इनक्यूबेशन सेंटर फाउंडेशन’ की स्थापना को भी स्वीकृति मिली है।

उन्होंने बताया कि मंत्रिमंडल ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत प्रस्तावित राज्य विद्यालय मानक प्राधिकरण (एसएसएसए) की स्थापना को भी मंजूरी दे दी।

सरकार ने मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा विदेश छात्रवृत्ति योजना के लाभार्थियों की संख्या प्रति वर्ष 25 से बढ़ाकर 50 करने का भी निर्णय लिया है।

मंत्रिमंडल ने अनुसूचित जनजातियों के 20, अनुसूचित जातियों के 10, अन्य पिछड़ा वर्ग के 14 और छह अल्पसंख्यक छात्रों को प्रति वर्ष उच्च शिक्षा के लिए विदेश भेजने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी है।

भाषा शफीक दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments