scorecardresearch
Tuesday, 3 March, 2026
होमदेशझारखंड: सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में अनल दा समेत 15 माओवादी मारे गए

झारखंड: सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में अनल दा समेत 15 माओवादी मारे गए

Text Size:

चाईबासा, 22 जनवरी (भाषा) झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले में बृहस्पतिवार को सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में शीर्ष नेता अनल दा समेत 15 माओवादी मारे गए। अनल दा पर एक करोड़ रुपये का इनाम था। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की कोबरा इकाई के लगभग 1,500 जवान सारंडा जंगल के कुमडी में किरीबुरु थाना क्षेत्र में अभियान में शामिल हैं।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया, “हमने माओवादियों के शीर्ष नेता पतिराम माझी उर्फ ​​अनल दा समेत 15 माओवादियों के शव बरामद किए हैं। भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किए गए हैं। सुबह छह बजे शुरू हुई मुठभेड़ अभी जारी है।”

उन्होंने बताया कि सारंडा के जंगल में मंगलवार से ही माओवादी विरोधी अभियान चल रहा है, लेकिन गोलीबारी बृहस्पतिवार सुबह शुरू हुई।

पुलिस महानिरीक्षक (ऑपरेशन) माइकल राज एस ने पीटीआई-भाषा को बताया कि पुलिस को सारंडा जंगल में अनल दा और अन्य माओवादियों की मौजूदगी के बारे में सूचना मिलने के बाद अभियान शुरू किया गया।

गिरिडीह जिले का पिरतांड निवासी अनल दा 1987 से सक्रिय था। पुलिस वर्षों से उसकी तलाश कर रही है।

सीआरपीएफ के महानिदेशक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने सोमवार को पश्चिम सिंहभूम जिले के मुख्यालय चाईबासा का दौरा किया था।

झारखंड में कोल्हान और सारंडा को माओवादियों का अंतिम गढ़ माना जाता है। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों ने बूढ़ा पहाड़, चतरा, लातेहार, गुमला, लोहरदगा, रांची और पारसनाथ में उनकी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से सीमित कर दिया है।

भाषा तान्या अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments