scorecardresearch
Monday, 13 April, 2026
होमदेशजद (यू) नेताओं ने नीतीश की प्रशंसा करने पर मोदी को सराहा

जद (यू) नेताओं ने नीतीश की प्रशंसा करने पर मोदी को सराहा

Text Size:

पटना, 11 अप्रैल (भाषा) जनता दल यूनाइटेड (जद यू) की बिहार इकाई के नेताओं ने राज्यसभा सांसद के रूप में नीतीश कुमार के शपथ लेने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा उनकी प्रशंसा करने का शनिवार को स्वागत किया।

मोदी ने बिहार के मुख्यमंत्री को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने पर शुक्रवार को बधाई देते हुए कहा कि वह देश के सबसे अनुभवी नेताओं में से एक हैं तथा सुशासन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की हर जगह सराहना हुई है।

जद (यू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘मोदी, कुमार और उनके काम करने के तरीके का बहुत सम्मान करते हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जो व्यक्त किया है, वही बिहार के मुख्यमंत्री के बारे में उनकी भावनाएं हैं।’’

राज्य के परिवहन मंत्री और जद (यू) नेता श्रवण कुमार ने भी प्रधानमंत्री के बधाई संदेश की सराहना की।

मंत्री ने कहा, “प्रधानमंत्री ने कुमार के कार्यों की सराहना की है और मैं इसके लिए आभारी हूं। यह सराहना इसलिए नहीं है कि वे राज्यसभा जा रहे हैं, बल्कि उन कार्यों के लिए हैं जो कुमार ने पिछले 20 वर्षों में सामाजिक न्याय के साथ विकास सुनिश्चित करने के लिए किए हैं।’’

उन्होंने कहा कि कुमार के दो दशक लंबे शासनकाल में ‘बिहारी’ शब्द गौरव और आत्मसम्मान से जुड़ गया है।

कुमार ने कहा, ‘‘आज नीतीश कुमार का नाम सबकी जुबान पर है। उनकी सोच, उनका दृष्टिकोण और उनका कार्य करने का तरीका वास्तव में उल्लेखनीय और प्रभावशाली रहा है।’’

झा ने तेजस्वी यादव द्वारा कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले को ‘‘थोपा हुआ’’ और ‘‘दबाव में लिया गया’’ करार देने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘‘आप उनसे (तेजस्वी यादव से) और क्या उम्मीद कर सकते हैं? लोगों ने उन्हें 2025 के विधानसभा चुनावों में उनकी असलियत दिखा दी जबकि दूसरी ओर, हम नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में ही आगे बढ़ रहे हैं। भले ही वे राज्यसभा चले जाएं, कुमार हमारी सरकार में निर्विवाद नेता बने रहेंगे।’’

यादव ने शुक्रवार को कहा, ‘‘यह कभी उनकी (नीतीश कुमार की) इच्छा नहीं थी। राज्यसभा जाने का फैसला उन पर थोपा गया है और यह तथ्य अब सबके सामने आ गया है।’’

भाषा यासिर रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments