scorecardresearch
Friday, 6 March, 2026
होमदेशजद (एस) ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की

जद (एस) ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की

Text Size:

बेंगलुरु, 19 दिसंबर (भाषा) जनता दल (सेक्युलर) ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को अपने 93 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। राज्य में चुनाव अगले साल मई तक होने की संभावना है।

जद (एस) के प्रदेश अध्यक्ष सी एम इब्राहिम ने कहा कि सूची पूर्व प्रधानमंत्री एवं जद (एस) प्रमुख एच डी देवगौड़ा की सहमति लेने के बाद जारी की गई।

जद (एस) ने देवगौड़ा के बेटे और पोते- क्रमशः एच डी कुमारस्वामी और निखिल कुमारस्वामी को टिकट दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी चन्नापटना से चुनाव लड़ेंगे, जिस सीट पर उन्होंने 2018 में सी पी योगेश्वर को हराया था।

कुमारस्वामी के बेटे निखिल पार्टी के गढ़ रामनगर से चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने 2019 में मांड्या से लोकसभा चुनाव लड़ा था और भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार सुमलता अंबरीश से हार गए थे।

जद(एस) मौजूदा विधायक जी टी देवगौड़ा को चामुंडेश्वरी सीट से उम्मीदवार बनाया है और उनके बेटे हरीश गौड़ा को भी टिकट दिया है। हरीश गौड़ा हुनसुर से चुनाव लड़ेंगे।

जद(एस) की मीडिया टीम के प्रभारी ने पीटीआई-भाषा से कहा, ”हम सभी 32 मौजूदा विधायकों को टिकट दे रहे हैं।”

जद(एस) ने 2018 के विधानसभा चुनाव में 37 सीट जीती थी। हालांकि, उनमें से पांच विधायकों ने जुलाई 2019 में कुमारस्वामी के नेतृत्व वाली जद (एस) और कांग्रेस की गठबंधन सरकार के खिलाफ बगावत करते हुए कर्नाटक विधानसभा से इस्तीफा दे दिया था। ये पांच विधायक तत्कालीन विधानसभा अध्यक्ष के आर रमेश कुमार द्वारा अयोग्य ठहराए गए 18 विधायकों में शामिल थे।

इन विधायकों को अयोग्य घोषित किये जाने के बाद, जद(एस) एवं कांग्रेस की गठबंधन सरकार गिर गई थी और भाजपा सत्ता में आई थी। अयोग्य ठहराये गए विधायकों में से अधिकांश भाजपा में शामिल हो गए, 2019 दिसंबर में उपचुनाव लड़े और जीतने के बाद नयी सरकार में मंत्री भी बने।

जद (एस) द्वारा जारी की गई इस सूची में कर्नाटक के लगभग सभी जिलों की सीट के लिए उम्मीदवार शामिल हैं। इसमें उत्तर कर्नाटक के बेलगावी में खानपुर से लेकर राज्य के दक्षिणी हिस्से में चामराजनगर जिले के हनूर तक के उम्मीदवार शामिल हैं।

जद (एस) के सूत्रों ने कहा कि पार्टी आने वाले दिनों में शेष 131 उम्मीदवारों की सूची जारी करेगी। कर्नाटक विधानसभा में कुल 224 सीट है।

भाषा अमित सुभाष

सुभाष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments