scorecardresearch
Saturday, 18 April, 2026
होमदेशजम्मू कश्मीर: डोडा में चिनाब नदी में दो नाबालिगों के डूबने की आशंका

जम्मू कश्मीर: डोडा में चिनाब नदी में दो नाबालिगों के डूबने की आशंका

Text Size:

जम्मू, 15 जून (भाषा) जम्मू कश्मीर के डोडा जिले में उफनती चिनाब नदी में फिसलकर दो नाबालिग लड़कों के डूब जाने की आशंका है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि दोनों नाबालिग लड़के भाई थे, जिनकी तलाश के लिए बचाव अभियान शुरू किया गया है।

उन्होंने प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से बताया कि नेपाली गांव के रहने वाले ये लड़के शनिवार शाम नदी के किनारे क्रिकेट खेल रहे थे, तभी इनकी गेंद नदी में गिर गई।

अधिकारियों ने बताया कि अबरार अहमद (12) गेंद निकालने की कोशिश में सबसे पहले नदी में गिरा जिसके बाद उसका छोटा भाई असरार अहमद (10) भी उसे बचाने की कोशिश में नदी में बह गया।

अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय लोगों, पुलिस और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) ने एक बड़ा बचाव अभियान शुरू किया लेकिन अभी तक लड़कों का कोई पता नहीं चल सका है।

उन्होंने बताया कि बचाव अभियान देर रात तक जारी रहा और रविवार सुबह करीब छह बजे फिर से शुरू किया गया।

डोडा के उपायुक्त हरविंदर सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संदीप मेहता ने भी बचाव अभियान की निगरानी के लिए घटनास्थल का दौरा किया।

सिंह ने कहा, ‘लड़कों का अभी तक पता नहीं चल पाया है, लेकिन उन्हें खोजने के प्रयास जारी हैं। चिनाब में जलस्तर बहुत अधिक है, लेकिन एसडीआरएफ और पुलिस अपने प्रयास जारी रखे हुए हैं।’

उन्होंने अभिभावकों से अनुरोध किया कि वे किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए अपने बच्चों को जलाशयों के पास अकेला न छोड़ें।

भाषा योगेश रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments