scorecardresearch
Wednesday, 11 March, 2026
होमदेशजम्मू-कश्मीर: राजौरी में नियंत्रण रेखा पर मारा गया आतंकवादी लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा था

जम्मू-कश्मीर: राजौरी में नियंत्रण रेखा पर मारा गया आतंकवादी लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा था

Text Size:

जम्मू, 11 मार्च (भाषा) जम्मू कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर घुसपैठ की कोशिश के दौरान मारे गए आतंकवादी की पहचान पाकिस्तान के आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के एक सक्रिय सदस्य के रूप में हुई है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

सेना के अनुसार, आतंकवादी मंगलवार अपराह्न करीब तीन बजे नौशेरा सेक्टर के झांगर इलाके में मारा गया, उस वक्त वह अपने एक अन्य साथी के साथ सीमा पार से इस ओर घुसपैठ करने की कोशिश कर रहा था।

दस्तावेज और खुफिया जानकारी के आधार पर मृतक की पहचान हमजा यूसुफ के रूप में हुई है। वह पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर का निवासी था।

अधिकारियों ने बताया कि यूसुफ लश्कर-ए-तैयबा के ‘लॉन्चपैड मॉड्यूल’ का एक वरिष्ठ सदस्य था, जिसे भारतीय सीमा में सशस्त्र आतंकवादियों की घुसपैठ कराने का काम सौंपा गया था।

अधिकारियों ने उसकी हत्या को प्रतिबंधित संगठन के लिए एक बड़ा झटका बताया।

मारे गए आतंकवादी के पास से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया, जिसमें एक एके राइफल और दो मैगजीन, दो पिस्तौल व चार मैगजीन सहित 58 गोलियां, तीन हथगोले, एक मोबाइल सेट, दो सिम कार्ड और कुछ पाकिस्तानी मुद्रा शामिल है।

अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान उसका साथी भाग निकलने में कामयाब रहा और पाकिस्तानी सीमा में वापस चला गया।

राजौरी सेक्टर में इस महीने सेना द्वारा नाकाम की गई यह घुसपैठ की दूसरी कोशिश थी । इससे पहले चार मार्च को, सेना के जवानों ने तुरकंडी इलाके में घुसपैठ कर रहे आतंकवादियों पर गोलीबारी की, जिससे वे पीछे हटने पर मजबूर हो गए।

सेना ने कहा था, ‘‘पूरे क्षेत्र में उच्च सतर्कता जारी है। घुसपैठ की हर कोशिश नाकाम होगी…।’’

भाषा शोभना पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments