जम्मू, 28 फरवरी (भाषा) जम्मू कश्मीर के खेल मंत्री सतीश शर्मा ने शनिवार को पहली बार रणजी ट्रॉफी जीतने पर केंद्र शासित प्रदेश की क्रिकेट टीम की सराहना की।
शर्मा ने अपने बधाई संदेश में इस जीत को जम्मू कश्मीर के खेल इतिहास में एक ऐतिहासिक क्षण बताया और टीम के ‘अडिग जज्बे, कौशल और दृढ़ता’ को इसका श्रेय दिया।
जम्मू कश्मीर ने शनिवार को भारत की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगिता (रणजी ट्रॉफी) जीतकर इतिहास रच दिया। केंद्र शासित प्रदेश की टीम ने हुबली में खेले गए फाइनल मुकाबले में आठ बार के विजेता कर्नाटक को पहली पारी में बढ़त के आधार पर हराकर यह खिताब अपने नाम किया।
युवा सेवा एवं खेल मंत्री ने कहा, ‘यह जीत उत्कृष्टता के प्रति उनके अटूट समर्पण और लगन को दर्शाती है।’
उन्होंने पूरी टीम, कोचिंग स्टाफ और सहायक कर्मचारियों की उत्कृष्ट प्रतिबद्धता और टीम वर्क की सराहना करते हुए कहा कि उनके सामूहिक प्रयासों से जम्मू कश्मीर के लोगों को अपार गर्व और खुशी मिली है।
शर्मा ने कहा, ‘रणजी ट्रॉफी जीतना एक बहुत बड़ी उपलब्धि है जिसे आने वाली पीढ़ियां याद रखेंगी।’
जम्मू कश्मीर ने 67 साल पहले रणजी ट्रॉफी में पदार्पण किया था।
इससे पहले जम्मू-कश्मीर 2013-14, 2019-20 और 2024-25 में क्वार्टर फाइनल तक पहुंचा था, लेकिन इससे आगे नहीं बढ़ पाया था।
भाषा शुभम माधव सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
