जम्मू, एक मार्च (भाषा) जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने रविवार को केंद्र शासित प्रदेश में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा करते हुए एक बैठक की और सभी समुदायों से शांति बनाये रखने का आग्रह किया।
अमेरिका और इजराइल के हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद व्यापक विरोध प्रदर्शनों के बीच यह बैठक हुई।
अधिकारियों ने बताया कि इस बैठक में मुख्य सचिव अटल दुल्लू, पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात, अन्य वरिष्ठ अधिकारी और सभी उपायुक्त एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मौजूद थे।
सिन्हा ने कहा, ‘‘शांति का माहौल बनाये रखना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है और सभी समुदायों को इसे बनाये रखना चाहिए।’’
कानून-व्यवस्था की स्थिति बनाये रखने में जम्मू-कश्मीर पुलिस, सुरक्षा बलों और नागरिक प्रशासन के अटूट संकल्प की सराहना करते हुए सिन्हा ने सभी समुदायों से इस वक्त शांत और एकजुट रहने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि सरकार पश्चिम एशिया की स्थिति पर बारीकी से नजर रख रही है और केंद्र शासित प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारी जम्मू-कश्मीर के निवासियों और विद्यार्थियों की सुरक्षा और कल्याण के लिए विदेश मंत्रालय के साथ समन्वय कर रहे हैं।
भाषा
देवेंद्र नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
