scorecardresearch
Wednesday, 4 February, 2026
होमदेशजम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री ने आतंकवाद को खत्म करने संबंधी भाजपा के दावों पर तंज कसा

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री ने आतंकवाद को खत्म करने संबंधी भाजपा के दावों पर तंज कसा

Text Size:

जम्मू, चार फरवरी (भाषा) जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर परोक्ष रूप से कटाक्ष करते हुए बुधवार को कहा कि 2026 में भी मुठभेड़ की घटनाएं हो रही हैं जबकि भाजपा ने दावा किया था कि 2019 में अनुच्छेद 370 को निरस्त किये जाने के बाद आतंकवाद समाप्त हो जाएगा।

उधमपुर जिले के रामनगर और किश्तवाड़ जिले के चतरू के ऊपरी इलाकों में बुधवार को सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में तीन पाकिस्तानी आतंकवादी मारे गए, जिससे पिछले तीन हफ्तों में जम्मू क्षेत्र में हुई मुठभेड़ की नौ घटनाओं में मरने वालों की संख्या पांच हो गई है।

इससे पहले, 23 जनवरी को कठुआ में एक पाकिस्तानी आतंकवादी मारा गया था, जबकि 18 जनवरी को किश्तवाड़ में हुई मुठभेड़ में सेना का एक पैराट्रूपर शहीद हो गया था।

मुख्यमंत्री ने यहां एक कार्यक्रम के दौरान संवाददाताओं से कहा, “यह सिलसिला जारी है। आतंकवादी मारे गए, ठीक है, लेकिन वे आए कहां से? वे उधमपुर कैसे पहुंचे? वे कब से वहां थे? और यह सिलसिला कब तक चलेगा? हमें बताया गया था कि 2019 के बाद यह सिलसिला खत्म हो जाएगा लेकिन अब 2026 में भी, यह फिर से शुरू हो गया है और रुक नहीं रहा है।”

वह उधमपुर जिले के रामनगर जंगल में दो दिन तक चले अभियान में जैश-ए-मोहम्मद के दो आतंकवादियों के मारे जाने के बारे में पूछे गए एक सवाल का जवाब दे रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा, “इसके विपरीत, जो इलाके 2014-15 से पहले आतंकवाद से पूरी तरह मुक्त थे, अब वहां ऐसी घटनाएं देखने को मिल रही हैं। तो वे उधमपुर कैसे पहुंचे? वे वहां कब से मौजूद थे? हमें इन सवालों के जवाब मिलने ही चाहिए।”

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आगामी तीन दिवसीय दौरे के बारे में पूछे जाने पर अब्दुल्ला ने कहा कि वह इस पर मीडिया में चर्चा नहीं करना चाहेंगे।

उन्होंने कहा, “हम आमने-सामने बैठकर बात करेंगे। कई ऐसे मुद्दे हैं जिन पर आमने-सामने चर्चा किये जाने की जरूरत है। हम ऐसा करेंगे।”

भाषा

राखी

देवेंद्र

देवेंद्र

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments