scorecardresearch
Monday, 20 April, 2026
होमदेशहिमाचल में बाढ़ के कारण जल शक्ति विभाग को 1,411 करोड़ रुपये का नुकसान: उपमुख्यमंत्री अग्निहोत्री

हिमाचल में बाढ़ के कारण जल शक्ति विभाग को 1,411 करोड़ रुपये का नुकसान: उपमुख्यमंत्री अग्निहोत्री

Text Size:

ऊना (हिमाचल प्रदेश), 17 जुलाई (भाषा) हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सोमवार को कहा कि पहाड़ी राज्य में भारी बारिश के कारण आई बाढ़ और भूस्खलन के कारण जल शक्ति विभाग को 1,411 करोड़ रुपये तक का नुकसान हुआ है।

उन्होंने कहा कि बाढ़ के कारण 5,203 पेयजल और 1,237 सिंचाई योजनाओं के अलावा 55 सीवरेज योजनाएं प्रभावित हुईं।

जल शक्ति विभाग का कार्यभार संभालने वाले अग्निहोत्री ने कहा कि अब तक 4,623 योजनाएं बहाल की जा चुकी हैं, लेकिन सभी को पूरी तरह ठीक करने में समय लगेगा।

उन्होंने कहा, ‘‘हम अपने कर्मचारियों की कड़ी मेहनत और दृढ़ मनोबल के कारण उन्हें बहाल करने में सक्षम रहे हैं।’’

उपमुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘विषम परिस्थितियों में पेयजल एवं सीवरेज योजनाओं की बहाली के लिए विभाग के कर्मचारियों एवं अधिकारियों द्वारा किये जा रहे कार्यों की मैं सराहना करता हूं।’’

राज्य आपातकालीन प्रतिक्रिया केंद्र के अनुसार, 24 जून को मानसून की शुरुआत के बाद से राज्य में बारिश से संबंधित घटनाओं और सड़क दुर्घटनाओं में अब तक 118 लोगों की मौत हो चुकी है।

भाषा शफीक ब्रजेन्द्र

ब्रजेन्द्र

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments